लखीसराय: बिहार के लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत आदुपुर गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-80 (NH-80)पर अहले सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार मालवाहक पिकअप ने बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी,जिससे बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।
मृतकों की पहचान जगदीशपुर निवासी रविंद्र सिंह के पुत्र राजन कुमार और बड़तल्ला निवासी रूपेश कुमार के पुत्र अश्लोक कुमार के रूप में हुई है।
पीछे से पिकअप ने बाइक में मारी टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,बाइक और मालवाहक पिकअप दोनों सूर्यगढ़ा से लखीसराय की ओर जा रहे थे। इसी दौरान आदुपुर गांव के पास तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े।
बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद पिकअप बाइक और दोनों युवकों को घसीटते हुए सड़क के दाईं ओर जाकर रुका। इस हादसे में दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने चालक को वाहन से निकाला
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन के अंदर फंस गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने वाहन का शीशा तोड़कर उसे बाहर निकाला और पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही सूर्यगढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे विधायक और बीजेपी जिलाध्यक्ष
हादसे की सूचना मिलने के बाद सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल और बीजेपी जिलाध्यक्ष दीपक कुमार पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। दोनों ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
लखीसराय से आत्मानंद सिंह की रिपोर्ट

