गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। राजधनवार थाना क्षेत्र के मनगसो गांव में गैस सिलेंडर फटने से चाची और पांच वर्षीय भतीजी की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है,वहीं मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रसाद तैयार करने के दौरान हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, 26वर्षीय कविता देवी घर में दुर्गापूजा का प्रसाद तैयार कर रही थीं। इसी दौरान घर में इस्तेमाल हो रहे पांच किलोग्राम के गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। इससे पहले कि परिवार के लोग कुछ समझ पाते,सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया।

इस हादसे में पांच वर्षीय शीतल कुमारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं,कविता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

अस्पताल ले जाने के दौरान कविता देवी ने तोड़ा दम

हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल कविता देवी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था,लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में चाची और भतीजी,दोनों की जान चली गई।

गांव में पसरा मातम,परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

दुर्गापूजा के मौके पर हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से गांव में शोक का माहौल है। घटना के बाद से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

फिलहाल,इस दर्दनाक घटना सेपूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। हादसे ने एक बार फिर घरेलू गैस सिलेंडर के इस्तेमाल के दौरान सुरक्षा सावधानियों की अहमियत को सामने ला दिया है।

गिरिडीह से नफीस अजहर की रिपोर्ट