जरीडीह थाना क्षेत्र में रॉन्ग साइड खड़े ब्रेकडाउन ट्रक से दो कारों की टक्कर,पार्किंग लाइट नहीं जलने से हादसे की आशंका,सभी घायलों का बोकारो जनरल अस्पताल में चल रहा इलाज...
बोकारोःजिले के जरीडीह थाना क्षेत्र में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। हादसे में एक युवक की आंख बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रॉन्ग साइड खड़े ट्रक से टकराईं दो कारें
जानकारी के अनुसार, सभी युवक दो कारों में सवार होकर जैनामोड़ से बालीडीह जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर रॉन्ग साइड में खड़े एक ब्रेकडाउन ट्रक से दोनों कारों की टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रक की पार्किंग लाइट नहीं जल रही थी। ऐसे में चालक को सड़क पर खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दिया और यह भीषण हादसा हो गया।
इस दुर्घटना में शिवम कुमार नामक युवक की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। सभी युवक बोकारो के बालीडीह थाना क्षेत्र स्थित कुर्मी डीह बाजार के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सभी घायलों का बोकारो जनरल अस्पताल में इलाज चल रहा है। इनमें एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद सड़क पर खराब वाहनों को बिना उचित सुरक्षा इंतजाम के खड़ा किए जाने को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय स्तर पर पुलिस की निगरानी और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर भी चिंता जताई जा रही है। लोगों का सवाल है कि यदि सड़क पर खराब वाहन खड़ा हो, तो उसके पीछे पर्याप्त चेतावनी संकेत और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है, ताकि इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों और जिम्मेदारी से जुड़े पहलुओं की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
बोकारो से संजीव कुमार की रिपोर्ट

