पटना:बिहार में छात्र-युवाओं के लिए 11 वर्षों से आंदोलन और संघर्ष करने वाले बिहार स्टूडेंट यूनियन के अध्यक्ष छात्र नेता दिलीप कुमार दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी का चुनाव छात्र-युवाओं के उम्मीदवार के रूप में निर्दलीय लड़ेंगे. गुरुवार को गांधी मैदान में गांधी मूर्ति के पास छात्र-छात्राओं ने बैठक कर छात्र नेता दिलीप कुमार को अपना उम्मीदवार घोषित किया.
स्मिता झा, बबली यादव , नेहा परवीन, श्वेता, साहबाज आलम, दीपक, नवीन कुमार मौर्य,भूषण झा, रविरंजन गोस्वामी, भूपेश, शंकर सुमन मेहता, अमरजीत कुशवाहा, नीतीश यादव, मुकेश, एवं अन्य छात्रों ने कहा कि हमलोगों की आवाज उठाने वाले कोई भी प्रतिनिधि सदन में नहीं है. छात्रों के लिए 11 वर्षों से लगातार आंदोलन और संघर्ष करने वाले छात्र नेता दिलीप कुमार को सदन में छात्रों के प्रतिनिधि के रूप में होना चाहिए. छात्र नेता साहबाज आलम ने कहा कि छात्र नेता दिलीप कुमार छात्रों के हित में लड़ते हुए कई बार जेल गए और लाठियां खानी पड़ी. फिर भी छात्र हित में लड़ते हैं. कई परीक्षाओं के पेपरलीक को उजागर कर रद्द करवाया. नई वैकेंसी निकालने, परीक्षा समय पर कराने, रिजल्ट समय पर दिलाने, पेपरलीक एवं धांधली-सेटिंग रोकने सहित छात्र हित के अन्य मुद्दों पर 11 वर्षों से सड़क पर आंदोलन करते आ रहे हैं. सड़क से सदन तक छात्रों के मुद्दों पर आवाज बुलंद करने के लिए दिलीप कुमार को सदन में जाना जरूरी है. इसलिए दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र (बेगुसराय, समस्तीपुर, दरभंगा एवं मधुबनी) के सभी मतदाताओं से अपील है कि जाति-धर्म और पार्टी से उपर उठकर छात्र नेता दिलीप कुमार को वोट देकर जिताएं.
छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि मेरे कार्यों को देखकर मतदाता मुझे वोट करें. चुनाव जीतने के बाद छात्र-छात्राओं,शिक्षकों,कर्मचारियों सहित आम जनता के मुद्दों को वे सदन में मजबूती से उठाएंगे. साथ ही सड़क पर भी संघर्ष जारी रहेगा. छात्रों एवं शिक्षकों के अधिकार और सम्मान की लड़ाई लड़ेंगे. शिक्षकों को सातवां वेतनमान और पेंशन के लिए आवाज बुलंद करेंगे. शिक्षक भर्ती,बीएसएससी,दारोगा,सिपाही सहित सभी अभ्यर्थियों के हित में आवाज उठाएंगे.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट-
