पटना: बिहार में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने गुरुवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक में राज्य के सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों ने भाग लिया. मुख्य सचिव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अपराधियों में कानून का भय कायम रहना चाहिए और प्रशासन के इकबाल से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा.
बैठक में अपराध नियंत्रण को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने पर जोर दिया गया. मुख्य सचिव ने कहा कि पुलिस अधीक्षक अपने-अपने जिलों में पुलिस बल के वास्तविक लीडर के रूप में काम करें और कानून-व्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी संभालें. जिलों में सघन गश्त बढ़ाने,नियमित फील्ड विजिट करने और अनुमंडल स्तर तक प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए.
खराब प्रदर्शन करने वाले या कार्य के प्रति गंभीरता नहीं दिखाने वाले पुलिस अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही गई. अपराध नियंत्रण के लिए रणनीतिक स्थानों पर तत्काल चेकपोस्ट लगाने और पुलिस इकाइयों को लगातार सक्रिय एवं अलर्ट रखने का निर्देश दिया गया.
मुख्य सचिव ने हालिया घटनाओं में जमुई पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए अन्य जिलों को भी इससे सीख लेने को कहा. मुख्यालय के पुलिस अधिकारियों को जिलों के साथ टैग कर फील्ड विजिट और रात्रि विश्राम करने के निर्देश दिए गए हैं.
आगामी त्योहारों को देखते हुएDM-SPको विशेष सतर्कता बरतने और स्थानीय इंटेलिजेंस मजबूत करने को कहा गया. वहीं,फेक न्यूज फैलाकर सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने वालों पर तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
