दानापुर में होटलों की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार के धंधे का पुलिस ने खुलासा किया है। गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार देर रात सगुना मोड़ और गोला रोड स्थित दो होटलों में पुलिस ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान केन्या की एक विदेशी महिला समेत छत्तीसगढ़ और बंगाल की दो महिलाओं को हिरासत में लिया गया। साथ ही दोनों होटलों के मैनेजरों को भी गिरफ्तार किया गया।अपर पुलिस अधीक्षक अजीत कुमार ने शनिवार को बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ होटलों में बाहर से महिलाओं और युवतियों को बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा है। इसके बाद थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार और तकनीकी टीम के साथ विशेष छापेमारी दल गठित किया गया।सगुना मोड़ स्थित होटल में पुलिस को केन्या की रहने वाली महिला मिली। पुलिस के अनुसार, वह करीब एक सप्ताह से होटल में ठहरी हुई थी। उसके पास से दो मोबाइल फोन और एक पासपोर्ट बरामद किया गया। होटल रजिस्टर और अन्य आपत्तिजनक सामान भी जब्त किए गए। मामले में होटल मैनेजर रविंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया।
वहीं, गोला रोड स्थित दूसरे होटल से छत्तीसगढ़ और बंगाल की रहने वाली दो महिलाओं को हिरासत में लिया गया। यहां से एक मोबाइल, होटल रजिस्टर और अन्य सामान बरामद हुआ। पुलिस ने होटल मैनेजर पप्पू कुमार को भी गिरफ्तार किया है।पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में महिलाओं ने आरोप लगाया कि दलालों द्वारा उन्हें बहला-फुसलाकर यहां लाया गया और देह व्यापार कराया जाता था। विदेशी महिला के पास मिले पासपोर्ट की जांच की जा रही है। पुलिस होटल मालिकों की भूमिका की भी जांच कर रही है और उनके खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी है। दोनों गिरफ्तार मैनेजरों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
