रांची में ट्रैफिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने की तैयारी है। शहर के चौक-चौराहों पर 20 हाईटेक ट्रैफिक पोस्ट तैयार किए जा रहे हैं।इन ट्रैफिक पोस्ट की सामने वाली पूरी दीवार शीशे की होगी, ताकि बूथ के अंदर की गतिविधियां बाहर से भी साफ दिखाई दें। ट्रैफिक जवानों के लिए बैठने की व्यवस्था के साथ पंखा, बिजली, लंच और वॉशरूम जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। महिला ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के लिए भी विशेष व्यवस्था की जाएगी। बच्चों के साथ ड्यूटी करने वाली महिला जवानों के लिए फीडिंग और सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराया जाएगा।

ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह के मुताबिक, शीशे की दीवार का उद्देश्य ट्रैफिक पोस्ट में पारदर्शिता बढ़ाना है। साथ ही पोस्ट के अंदर पैसे मांगने या लेने जैसी शिकायतों पर भी रोक लगाने में मदद मिलेगी। यानी रांची में ट्रैफिक व्यवस्था के साथ-साथ जवानों की सुविधाओं और पुलिसिंग में पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में भी बड़ा कदम उठाया जा रहा है।