चतरा के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक सोमर भारती की इलाज के दौरान मौत हो गई। रविवार को मौत की खबर प्रतापपुर पहुंचते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने महावीर चौक के समीप सड़क जाम कर दिया। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास शुरू किया। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, करीब 11 दिन पहले प्रतापपुर थाना क्षेत्र के कुबड़ी लिप्ता के समीप सड़क पर गिट्टी गिराकर छोड़ दी गई थी। इसी दौरान बाइक से गुजर रहे सोमर भारती गिट्टी पर बाइक का संतुलन बिगड़ने से सड़क पर गिर गए थे। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई थीं। परिजनों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि सड़क पर गिट्टी को बिना हटाए छोड़ दिए जाने के कारण यह हादसा हुआ। उनका कहना है कि घटना के बाद मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से वे नाराज हैं। युवक की मौत के बाद परिजनों ने जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और मामले की जांच की मांग को लेकर सड़क जाम किया।सड़क जाम की सूचना मिलने पर प्रतापपुर थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। पुलिस और प्रशासन की ओर से लोगों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाने की कोशिश की जा रही थी।

फिलहाल सड़क जाम को लेकर महावीर चौक पर लोगों की भीड़ जुटी रही। प्रशासन स्थिति को सामान्य करने में लगा हुआ था।