जसीडीह थाना क्षेत्र के अंधारी गादर लाखजोड़ा गांव में सुबह मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। गड्ढे को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। आरोप है कि इस दौरान भुजली से हमला किया गया, जिसमें पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में चार पुरुष और एक महिला शामिल हैं। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर जसीडीह सीएचसी से 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया।

अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में सभी का इलाज चल रहा है। घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।घटना की जानकारी मिलने के बाद जसीडीह थाना की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस द्वारा घटना के कारणों और विवाद में शामिल लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल विवाद की वास्तविक वजह और हमले के पीछे की पूरी स्थिति पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।