दुर्गा पूजा को लेकर बोकारो में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पूजा के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी थानों में शांति समिति की बैठक आयोजित की जा रही है। इसी कड़ी में चास थाना परिसर में एसडीएम प्रांजल ढांढा की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई। इसमें एएसपी चास वेदांत शंकर समेत शांति समिति के सदस्य और पूजा समितियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में पूजा समितियों को सुरक्षा मानकों का पालन करने और सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया। सभी पूजा पंडालों में अग्निशमन व्यवस्था दुरुस्त रखने और पंडालों की जांच करने की बात कही गई। वहीं, एएसपी वेदांत शंकर ने कहा कि पूजा के दौरान संवेदनशील स्थानों पर विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। नशे में वाहन चलाने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। इसके अलावा पूजा स्थलों के आसपास भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी।
