झरिया के सुदामडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत अमलाबाद में जिउतिया पर्व के दौरान दामोदर नदी में डूबी 16 वर्षीय सोनाक्षी की तलाश रविवार सुबह समाप्त हो गई। कई घंटों की खोजबीन के बाद उसका शव सिंदरी बस्ती के समीप दामोदर नदी में तैरता हुआ मिला। शव बरामद होने की खबर मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।जानकारी के अनुसार, सोनाक्षी शुक्रवार को जिउतिया पर्व के अवसर पर अपने परिजनों के साथ दामोदर नदी में स्नान करने पहुंची थी। इसी दौरान वह नदी की तेज धार की चपेट में आ गई और बहकर लापता हो गई। घटना के बाद से ही पुलिस स्थानीय गोताखोरों, भटिंडा फॉल के प्रशिक्षित गोताखोरों और एनडीआरएफ की मदद से उसकी तलाश कर रही थी।

रविवार सुबह सिंदरी बस्ती के कुछ ग्रामीणों ने नदी में एक शव तैरता देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और झरिया अंचल अधिकारी की देखरेख में शव को नदी से बाहर निकाला गया। परिजनों ने शव की पहचान सोनाक्षी के रूप में की।बेटी का शव देखते ही परिजन बिलख पड़े। मौके पर मौजूद ग्रामीण भी गमगीन नजर आए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद सोनाक्षी के परिवार में मातम पसरा हुआ है।