BIHAR NEWS : ओमान में बसे NRI दीपक ठाकुर ने CM सम्राट से भेंट कर उनके नीतियों की सराहना की, बिहार में निवेश का किया ऐलान
हाजीपुर : ओमान देश में बसे वैशाली जिला निवासी एनआरआई दीपक ठाकुर ने अपने पैतृक गांव पहेतिया पहुंचने पर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि बिहार में अब निवेश का अनुकूल माहौल है. राज्य सरकार की नीतियों और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों की उन्होंने सराहना की.

ठाकुर ने कहा कि भाजपा और नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार आने के बाद से बिहार में उद्योग और अधोसंरचना पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. सरकार विदेशों में बसे बिहारियों को भी मातृभूमि में निवेश के लिए आमंत्रित कर रही है. उन्होंने कहा मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात में विकास को प्राथमिकता देने पर विस्तार से चर्चा हुई. सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि बिहार को औद्योगिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जाए.
उन्होंने बताया कि उनका कारोबार ओमान,दुबई और अफ्रीका के कई देशों में फैला है. ओमान में उन्हें 25 वर्षों का अनुभव है. अब वे बिहार में खनन,इस्पात,विद्युत संयंत्र,प्राकृतिक गैस और औद्योगिक अधोसंरचना के क्षेत्र में निवेश करना चाहते हैं. इसके लिए उन्होंने वैशाली जिले में भूमि का निरीक्षण भी किया है. गंगा किनारे प्रस्तावित मरीन ड्राइव पर 5 सितारा होटल और मॉल बनाने की भी योजना है.
ठाकुर ने कहा कि सरकार ने हर गुरुवार को जिला स्तर पर उद्यमियों के साथ बैठक करने का निर्णय लिया है. उद्योग विभाग के सचिव और अन्य अधिकारियों से फास्ट ट्रैक पर काम शुरू करने को लेकर बातचीत की जाएगी. मुख्यमंत्री का निर्देश है कि उद्योग लगे और बिहार के युवाओं को अपने ही राज्य में रोजगार मिले.
उन्होंने वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह के कार्यों की भी सराहना करते हुए कहा कि जिला प्रशासन निवेशकों को हर संभव सहयोग दे रहा है. अधिकारियों का सकारात्मक व्यवहार और त्वरित निर्णय सराहनीय है. उन्होंने कहा कि "हर घर तिरंगा" अभियान से लोगों में देशभक्ति की भावना बढ़ी है.
ठाकुर ने कहा कि वे 6-7 दिन के बिहार दौरे पर हैं.
हाजीपुर से पंकज चौहान की रिपोर्ट-





