मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पहल, छात्राओं की पहचान रखी जाएगी गोपनीय; कॉलेज की समस्याओं और सुरक्षा से जुड़ी शिकायतें पहुंचेंगी सरकार तक।

पटनाःबिहार की छात्राओं के लिए राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार ने 'विद्यार्थी सहयोग पोर्टल' की शुरुआत की है। इस पोर्टल के माध्यम से छात्राएं अपनी समस्याओं, शिकायतों और सुझावों को बिना अपनी पहचान सार्वजनिक किए दर्ज करा सकेंगी। इसका मुख्य उद्देश्य छात्राओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और उनकी आवाज सीधे सरकार तक पहुंचाना है।

दरअसल, कॉलेजों में होने वाली परेशानियों, सुरक्षा संबंधी समस्याओं और अन्य शिकायतों को लेकर कई छात्राएं सामने आने से हिचकिचाती थीं। उन्हें डर रहता था कि शिकायत करने पर उनकी पहचान उजागर हो सकती है। इसी समस्या को देखते हुए सरकार ने यह डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार किया है।

इस पोर्टल की सबसे बड़ी खासियत शिकायतकर्ता की पहचान की गोपनीयता है। इससे छात्राओं को बिना किसी डर के अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा। वे कॉलेज से जुड़ी समस्याओं के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए अपने सुझाव भी दे सकेंगी।

पटना के जेडी वीमेंस कॉलेज की बीबीए सेकंड ईयर की छात्रा अर्पिता मिश्रा ने इस पहल को छात्राओं के लिए काफी उपयोगी बताया। उनका कहना है कि कॉलेज में किसी तरह की परेशानी होने पर पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी और पहचान गोपनीय रहेगी। वहीं, छात्रा साक्षी प्रिया ने कहा कि लड़कियों की सुरक्षा बेहद जरूरी है और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में यह पोर्टल मददगार साबित हो सकता है।

सरकार की इस पहल से उम्मीद है कि छात्राओं को अपनी समस्याएं सामने रखने का सुरक्षित मंच मिलेगा और उच्च शिक्षा संस्थानों में जवाबदेही तथा पारदर्शिता को बढ़ावा मिलेगा।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट