भोजपुर के बिहिया थाना क्षेत्र में स्कॉर्पियो से कुचलकर दो सगे भाइयों की हत्या के मामले में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कड़ा रुख अपनाया है। दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया

पटना/आराः बिहार के भोजपुर जिले के आरा में दीपावली की देर रात हुई दर्दनाक घटना को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह अनुदान राशि देने तथा सभी घायलों का बेहतर इलाज कराने का निर्देश जिला प्रशासन को दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि इस घटना में शामिल दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

घटना बिहिया थाना क्षेत्र के रामडीहरा गांव में सूर्य मंदिर के समीप हुई। बताया जाता है कि दीपावली की रात ग्रामीण पूजा-अर्चना के बाद छठ पूजा के गीत बजा रहे थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो पर सवार करीब दस लोग वहां पहुंचे और गाना बंद करने को लेकर विवाद करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद स्कॉर्पियो सवार लोगों ने तेज रफ्तार से वाहन चलाकर वहां मौजूद लोगों को कुचल दिया।

इस घटना में रामनरेश यादव के दो पुत्र दिनेश यादव (55) और कमलेश यादव (50) की मौत हो गई। दोनों सगे भाई थे। वहीं, छह अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में राजेश कुमार, रितु कुमार, कृष्णा कुमार और रमेश यादव सहित अन्य लोग शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

वारदात के बाद आरोपी स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गए। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। जिला प्रशासन और पुलिस को मामले में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट