बोधगया के विभिन्न मोनेस्ट्री के भिक्षुओं ने उठाई आवाज, मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर जल्द नई समिति गठित कराने की मांग

बोधगयाः विश्व प्रसिद्ध महाबोधि महाविहार की प्रबंधन व्यवस्था को लेकर बोधगया में बौद्ध भिक्षुओं ने सरकार के खिलाफ अपनी चिंता जाहिर की है। महाबोधि मंदिर प्रबंधन समिति (BTMC) का पुनर्गठन चार महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद नहीं होने पर विभिन्न बौद्ध मोनेस्ट्री के भिक्षुओं ने सरकार से जवाब मांगा है। सोमवार को महाबोधि मंदिर के सामने गोलंबर पर एकत्रित हुए भिक्षुओं ने मुख्यमंत्री से इस मामले में हस्तक्षेप कर जल्द नई समिति के गठन की मांग की।

बौद्ध भिक्षुओं का कहना है कि महाबोधि महाविहार सिर्फ एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के बौद्ध समुदाय की आस्था और विरासत का प्रतीक है। यहां हर साल हजारों की संख्या में विदेशी बौद्ध श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर की प्रबंधन व्यवस्था को लेकर लंबे समय तक असमंजस की स्थिति बने रहना चिंता का विषय है।

हर्षबोधि भंते ने कहा कि बोधगया में पर्यटन सीजन शुरू हो चुका है। महाबोधि महाविहार के संरक्षण, प्रबंधन और धार्मिक गतिविधियों के सुचारू संचालन में बीटीएमसी की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके बावजूद नई समिति का गठन अब तक नहीं होना कई सवाल खड़े करता है। सरकार को इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए जल्द निर्णय लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि नई समिति के गठन में केवल प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि बौद्ध समुदाय की भावनाओं और अधिकारों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। समिति में प्रचलित कानूनी प्रावधानों के अनुसार उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो। साथ ही निर्णय लेने की प्रक्रिया पारदर्शी और जवाबदेह होनी चाहिए।

इस मुद्दे को लेकर बोधगया बौद्ध मठ संघ ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर व्यक्तिगत हस्तक्षेप की अपील करने का निर्णय लिया है। संघ की मांग है कि सरकार बीटीएमसी गठन में आ रही बाधाओं की समीक्षा करे और संबंधित अधिकारियों को पुनर्गठन की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दे।

बौद्ध भिक्षुओं ने स्पष्ट किया कि वे इस मामले को लेकर सरकार के साथ शांतिपूर्ण और सकारात्मक बातचीत चाहते हैं, लेकिन समिति के गठन में लगातार हो रही देरी को लेकर अब चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने सरकार से जल्द कार्रवाई करने की मांग करते हुए अल्टीमेटम दिया है।

बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट