छठ पर घर लौटने वालों की बढ़ी परेशानी, प्रयागराज-पटना रूट की ट्रेनों में कन्फर्म टिकट का संकट
पटना: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बिहार लौटने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत देश के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले बिहार के लोग पर्व मनाने के लिए अपने घर पहुंच रहे हैं। इसके कारण प्रयागराज से पटना आने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ है और यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में परेशानी हो रही है।
इस वर्ष छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ होगी। 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को सुबह का अर्घ्य दिया जाएगा। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग बिहार पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं।
प्रयागराज-पटना रेलखंड यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण मार्ग है। इस रूट पर राजेंद्र नगर तेजस राजधानी एक्सप्रेस, पूर्वा एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस, ब्रह्मपुत्र मेल, एलटीटी राजगीर एक्सप्रेस, विभूति एक्सप्रेस, महानंदा एक्सप्रेस, पाटलिपुत्र एक्सप्रेस और संघमित्रा एक्सप्रेस जैसी नियमित ट्रेनें संचालित होती हैं।
वहीं, त्योहार के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से वंदे भारत स्पेशल, पटना फेस्टिवल स्पेशल, पाटलिपुत्र फेस्टिवल स्पेशल और आनंद विहार-पटना स्पेशल जैसी ट्रेनों का भी संचालन किया जा रहा है। अमृत भारत एक्सप्रेस भी इस रूट के यात्रियों के लिए एक विकल्प है।
हालांकि, 9 से 13 नवंबर तक की टिकट स्थिति में कई ट्रेनों में लंबी वेटिंग दिखाई दे रही है। वंदे भारत और गरीब रथ में भी सीटों की उपलब्धता सीमित है, जबकि पूर्वा एक्सप्रेस के स्लीपर क्लास में नो रूम की स्थिति बताई गई है।
रेलवे यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि यात्रा से पहले आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट या रेलवे पूछताछ प्रणाली पर टिकट की ताजा स्थिति और ट्रेन का समय जरूर जांच लें।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

