कोडरमा : धनबाद-गया रेलखंड के कोडरमा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर1पर खड़ी कोडरमा-बरकाकाना पैसेंजर ट्रेन की आखिरी बोगी में अचानक आग लग गई. आग लगने से स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई. गनीमत रही कि इस घटना में सभी यात्री सुरक्षित रहे.
बता दें कि कोडरमा स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर गाड़ी संख्या 53373 कोडरमा-बरकाकाना पैसेंजर ट्रेन अपने तय समय दोपहर 3 बजकर 15 मिनट पर खुलने वाली थी. तभी अचानक ट्रेन की आखिरी बोगी से तेज धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें निकलने लगी. घटना के बाद बोगी में सवार करीब 25 से 30 यात्री अपना सामान लेकर प्लेटफॉर्म पर कूदने लगे. पूरे स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया. घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन प्रबंधक, आरपीएफ प्रभारी, जीआरपी के जवान मौके पर पहुंचे और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला. घटना की सूचना पर दमकल की गाड़ी भी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की.
