पटना : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अब प्रदेश के सभी जिलों का दौरा कर विकास योजनाओं और सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत जानेंगे. मुख्यमंत्री का जिलावार समीक्षा कार्यक्रम 26 नवंबर से शुरू होने जा रहा है. इस दौरान वे अलग-अलग जिलों में पहुंचकर विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे और आम लोगों से सीधे संवाद भी करेंगे. जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री अपने इस दौरे की शुरुआत पश्चिम चंपारण से कर सकते हैं.
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई है. सभी जिलों के लिए कार्यक्रम का विस्तृत शेड्यूल तैयार किया जा रहा है. 26 नवंबर से शुरू होने वाले इस अभियान के दौरान मुख्यमंत्री संबंधित जिलों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे. बैठक में विभिन्न विभागों की ओर से संचालित योजनाओं, विकास परियोजनाओं और उनके क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी ली जाएगी.
अधिकारियों से जवाब-तलब, जनता से सीधा संवाद
मुख्यमंत्री के दौरे का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाना और विकास कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर करना है. वे स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर फीडबैक लेंगे. इससे प्रशासनिक व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सकेगा.
उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे मुख्यमंत्री
जिलों के दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे. इसके लिए संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को प्रस्तावित योजनाओं की सूची तैयार करने को कहा जा रहा है. जिलों की जरूरतों और विकास से जुड़े नए प्रस्तावों पर भी चर्चा होने की संभावना है.
इस कार्यक्रम में संबंधित जिलों के प्रभारी मंत्री, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और एनडीए के नेता भी शामिल होंगे. 26 नवंबर से पहले सभी जिलों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया है. फिलहाल मुख्यमंत्री के दौरे का विस्तृत कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है. पश्चिम चंपारण के बाद किस जिले में मुख्यमंत्री कब पहुंचेंगे, इसकी जानकारी जल्द जारी होने की संभावना है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
