
रविवार, 20 सितंबर 2026
Liveलातेहार : बड़ी खबर लातेहार से है जहां आंशिक बारिश के बीच वज्रपात ने जमकर कहर बरपाया है. सदर थाना क्षेत्र के ललमटिया डैम के पास वज्रपात से पेड़ के नीचे खड़े दो युवकों की मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर अग्रेतर कार्रवाई में जुट गई. मिली जानकारी के अनुसार मृतक दोनों युवक ललमटिया डैम में फिशिंग कर रहे थे. इसी दौरान अचानक हुई बारिश से बचने के लिए दोनों युवक पेड़ के नीचे खड़ा हो गये. लेकिन वहां आसमानी आफत गिरी और मौके पर ही दोनों की मौत हो गई. इधर सूचना के साथ स्थानीय पुलिस अस्पताल पहुंच कर दोनों शव को अपने कब्जे में लेकर अग्रेतर कार्रवाई आरंभ कर दी है.
लातेहार : जिला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त संदीप कुमार ने शुक्रवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर प्रेस व मीडिया को संबोधित कर विस्तृत जानकारी साझा किया. उपायुक्त ने जिले के सभी नागरिकों से प्रारूप मतदाता सूची में अपना एवं अपने परिवार के सदस्यों का नाम अनिवार्य रूप से जांचने तथा आवश्यकतानुसार दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की अपील की. जिला उपायुक्त ने बताया कि 05 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा चुका है. मतदाता सूची मतदान केंद्रों, ईआरओ, एईआरओ कार्यालयों एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड की वेबसाइट पर उपलब्ध है. उन्होंने कहा कि यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में दर्ज नहीं है तो वह प्रपत्र-6 के माध्यम से आवश्यक दस्तावेजों के साथ 04 सितम्बर 2026 तक आवेदन कर सकता है. वहीं, 01 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र युवा भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं. उन्होंने बताया कि यदि किसी मृत, स्थानांतरित अथवा अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज है तो उसके लिए प्रपत्र-7 के माध्यम से आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है. इसी प्रकार मतदाता सूची में नाम, पता, आयु अथवा अन्य विवरणों में सुधार के लिए प्रपत्र-8 का उपयोग किया जा सकता है. आवेदन BLO, ECINet Mobile App अथवा voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन भी किया जा सकता है. उपायुक्त ने कहा कि जिले में मतदाता जागरूकता के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है. विशेष रूप से नए मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है. उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से भी अपील की कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाकर अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं को इस अभियान से जोड़ने में सहयोग करें.
लातेहार : बड़ी खबर लातेहार से है जहां एसीबी की टीम ने भ्रष्टाचार के विरूद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए पंचायत सचिव नागेश्वर रजक को 10 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया है. दरअसल आम बागवानी रेकड़ खोलने के एवज में नागेश्वर रजक वादी से घूस ले रहा था. इसी दौरान ACB पलामू की टीम ने उसे पकड़ा. आरोपी पंचायत सचिव मनिका प्रखंड के बड़काडीह पंचायत में पदस्थापित है. जानकारी के अनुसार आरोपी पंचायत सचिव द्वारा आम बागवानी को लेकर रेकड़ खोलने के एवज में 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग किया था. लेकिन लाभुक द्वारा पूरे मामले को लेकर पलामू प्रमंडल एसीबी को जानकारी देते हुए लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई. जिसके बाद टीम द्वारा ट्रैप करते हुए मनिका प्रखंड कार्यालय परिसर से रिश्वतखोरी करते रंगेहाथ धर दबोचने में सफल रही है. इधर गिरफ्तारी के बाद ACB टीम द्वारा आवश्यक कार्रवाई जारी है. वहीं ACB की कार्रवाई से प्रखंड कार्यालय समेत जिला मुख्यालय में हड़कंप व्याप्त है.
लातेहार : झारखंड के लातेहार जिले के चेटर गांव जहां कभी नक्सलियों का जन अदालत लगता था. वहां आज एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता के नेतृत्व में लातेहार पुलिस टीम पहुंची और खटिया में बैठ जन- चौपाल लगाकर ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित किया. इस दौरान बाल विवाह, अंध विश्वास, साइबर ठगी, सामाजिक कु-रिती, स्वास्थ्य सुविधा, वज्रपात से बचाव समेत दर्जनाधीक मूल समस्या से बचाव का सुझाव दिया. उन्होंने नशामुक्त समाज बनाने, साइबर ठगी से सतर्क रहने तथा सांप या कुत्ते के काटने पर झाड़-फूंक के बजाय तत्काल अस्पताल जाकर उपचार कराने की सलाह दी. उन्होंने बारिश के दौरान वज्रपात से बचाव के उपायों की भी जानकारी दी और अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया. कार्यक्रम को लेकर एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर लातेहार पुलिस सरकारी कार्यालयों के साथ गांव में पहुंच जन- चौपाल लगाकर ग्रामीणों की मूलभूत समस्या को प्राथमिकता के साथ निपटारा करने का उद्देश्य है. बताया कि इसका सार्थक पहल भी पुलिस को मिल रही है. कई गांव के ग्रामीण नशा मुक्ति को लेकर अभियान चला रही है. वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस की पहल को जमकर सराहना करते हुए दोबारा गांव में आने और समय समय पर मार्गदर्शन देने का अपील किया. बता दें कि चेटर गांव जिला मुख्यालय से 30 किलोमीटर दूर अवस्थित है. जहां कभी नक्सली के टॉप कमांडर लोहा सिंह, राजेश सिंह जैसे नक्सलियों का तूती बोला करता था. वर्तमान में गैंगस्टर राहुल सिंह का गांव है.
लातेहार : बड़ी खबर लातेहार से है जहां सदर थाना क्षेत्र के बाजकुम गांव में बारिश के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से 2 युवकों की मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर दोनों युवकों को सदर अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो युवक मोटरसाइकल से नवोदय रोड से किसी काम से जा रहे थे. तभी तेज वर्षा होने लगी और दोनों पानी से बचने के लिए महुवा के पेड़ के पास खड़े हो गए. इसी क्रम में वज्रपात होने से दोनों युवक इसकी चपेट में आ गये. इधर पुलिस गश्ती टीम द्वारा दोनों युवकों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया. जहां प्रारंभिक जांचोपरांत चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित कर दिया गया. वहीं घटना से आहत परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. इधर स्थानीय पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर अग्रेतर कार्रवाई आरंभ कर दी है. मरने वालों में 19 वर्षीय पियूस कुमार और 21 वर्षीय पवन साहू शामिल है.
लातेहार : राज्यसभा चुनाव में बैद्यनाथ राम की ऐतिहासिक जीत ने लातेहार जिले को नई पहचान दिलाई है. उनकी सफलता से पूरे जिले में खुशी और उत्साह का माहौल है. गुरुवार सुबह से ही शहर और गांवों में लोग राज्यसभा चुनाव के परिणामों पर नजर बनाए हुए थे. पूर्व मंत्री के आवास पर भी समर्थक लगातार टीवी के माध्यम से चुनावी अपडेट देखते रहे. जैसे ही बैद्यनाथ राम की जीत की खबर आई, समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई. आवास के बाहर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी करते हुए दीवाली जैसी खुशियां मनाई. चारों ओर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है. लातेहारवासियों का कहना है कि बैद्यनाथ राम राज्यसभा सदस्य के लिए निर्वाचित होकर जिला को गौरवान्वित किये हैं. कहा कि जिले के इतिहास में पहली बार किसी ने विधायक से मंत्री और मंत्री से राज्यसभा तक का सफर तय किया है. उनकी इस उपलब्धि की सराहना केवल समर्थक ही नहीं, बल्कि राजनीतिक विरोधी भी कर रहे हैं. लोगों का मानना है कि बैद्यनाथ राम अब राज्यसभा में न केवल लातेहार बल्कि पूरे झारखंड की आवाज बनेंगे.
लातेहार : बड़ी खबर लातेहार से है जहां सदर थानाक्षेत्र के सरयू पथ में कार और बाइक के बीच आमने सामने की भीषण टक्कर होने से बाइकसवार 2 युवकों की मौके पर मौत हो गई. दुर्घटना में कार और बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. घटना से इलाके में सनसनी है. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और अग्रेतर कार्रवाई में जुट गई. जानकारी के अनुसार कार संख्या JH03 AW 6472 सरयू से लातेहार आ रही थी, जबकि बाइक पर सवार दो युवक लातेहार से सरयू की ओर जा रहे थे. इसी दौरान खुटगड़ी गांव के पास सड़क के एक मोड़ पर दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद अनियंत्रित कार सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई. इससे कार और बाइक दोनों के परखच्चे उड़ गए. हादसे के बाद कार में सवार दोनों व्यक्ति मौके से फरार हो गए. दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर घटनास्थल पर पहुंच नजदीकी थाना को घटना के बारे में जानकारी दी. इसके बाद दलबल के साथ थानेदार घटनास्थल पहुंच शव को कब्जे में लेकर अग्रेतर कार्रवाई आरंभ कर दी. बता दें कि अहले सुबह चंदवा शहर के इंदिरा चौक में दो ट्रकों की भीषण टक्कर हुई थी. जिसमें कई लोग बाल बाल बच गए थे. हालांकि दोनों ट्रकों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गये थे. जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
लातेहार : SIR को लेकर जिला मुख्यालय में सोमवार को लातेहार JMM इकाई की अहम बैठक संपन्न हुई. बैठक में पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम, जिलाध्यक्ष लाल मोती नाथ शाहदेव समेत कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे. आयोजित कार्यक्रम को लेकर जिलाध्यक्ष ने बताया कि SIR के बीच अंतिम बूथ तक संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से जिले के सभी बूथों पर बीएलए की नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद समीक्षा सभा आयोजित की गई थी. इसमें कार्यकर्ताओं को SIR को लेकर कई आवश्यक निर्देश दिए गए. नेताओं ने संगठन को और मजबूत करने, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने तथा आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई.
लातेहार : इस वक्त की बड़ी खबर लातेहार से है जहां जिले में सरहुल पर्व उत्सव के बीच दो अलग अलग सड़क हादसे में कुल 4 लोगों की मौत हो गई. वहीं 13 लोग घायल हो गये. पूरी घटना जिले के चंदवा और बालूमाथ थाना क्षेत्र की है. पहली घटना चंदवा के CMM पथ पर गुरीटांड़ अंतर्गत रेलवे ओवरब्रिज की है जहां पिकअप वैन और ऑटो के बीच भीषण टक्कर होने से 1 व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गयी. वहीं 10 लोग घायल हो गये. घायलों में 3 अबोध बालक के साथ 6 महिलायें हैं. इधर घटना के बाद स्थल पर चीखपुकार मचा रहा. जहां स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस के सहयोग से राहत बचाव कार्य करते हुए सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया है. सभी घायलों का प्रारंभिक उपचार जारी है. वहीं दूसरी घटना बालूमाथ के हेरहंज पथ पर बरवाटोली के समीप की है जहां दो बाइक के बीच भीषण टक्कर में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. वहीं चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं. सभी की प्रारंभिक उपचार जारी है. इधर दोनों घटनाओं पर पुलिस तफ्तीश आरंभ कर दी है.
लातेहार : जिला पुलिस के गिरफ्त में आया जोनल कमांडर नक्सली मृत्युंजय भुइंया ने रिमांड के दौरान कई राज खोला है. इसी क्रम में पुलिस की स्पेशल टीम ने ऑपरेशन लॉच कर दी है. इसके फलस्वरूप गारू थाना क्षेत्र के मिरचैया जंगल से माओवादियों द्वारा छुपाया गया 1 इन्सास, 1 सेमी ऑटोमेटिक राइफल, 3 मैगजीन के अलावा 170 पीस जिन्दा कारतूस का जखीरा बरामद किया गया है. मामले में एसपी कुमार गौरव ने अपने कार्यालय में जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार नक्सली मृत्युंजय भुईयां की निशानदेही पर एक इंसास राइफल, तीन मैगजीन और 5.56 एमएम की 70 जिंदा गोलियां मिलीं. वहीं, बब्लु राम की निशानदेही पर एक सेमी राइफल (77 जिंदा गोलियों के साथ) और एक .30 कार्बाइन राइफल (23 जिंदा गोलियों के साथ) बरामद हुई. इसके अलावा दो पाउच भी जब्त किए गए हैं. उन्होंने ऑपरेशन में शामिल गारू और छिपादोहर थानेदार के साथ सभी जवानों को बधाई दी है.
लातेहार : इस वक्त की बड़ी खबर लातेहार से आ रही है. जहां जिला को नक्सल मुक्त कराने की ओर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए माओवादी के टॉप नक्सली, जोनल कमांडर सह 10 लाख का इनामी नक्सली मृत्युंजय भुइंया उर्फ अवधेश जी के साथ दस्ता सदस्य रोहित जी उर्फ बबलू राम को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार नक्सलियों के पास से AK-47, मैगजीन, जिन्दा कारतूस, मोबाइल, टैब, नक्सली पर्चा और लेवी का करीब 1.50 लाख रुपये नगद बरामद किया गया है.मामले में लातेहार एसपी कुमार गौरव ने बताया कि मृत्युंजय भुइंया अपने दस्ता सदस्यों के साथ क्षेत्र में भ्रमणशील है और किसी बड़े वारदात को अंजाम देने के फिराक में है. इसी सूचना के आलोक में छिपादोहर के गारू, बारेसांढ़, महुआडांड़ और नेतरहाट थाना पुलिस की संयुक्त टीम के साथ विशेष ऑपरेशन चलाया जा रहा था. इसी दौरान छिपादोहर और गारू थानाक्षेत्र की सीमावर्ती जंगल से मृत्युंजय भुइंया के साथ एक अन्य दस्ता सदस्य को गिरफ्तार किया गया. इसकी तलाशी के बाद अत्याधुनिक हथियार समेत अन्य सामग्री बरामद किया गया. बता दें कि मृत्युंजय भुइंया के खिलाफ लातेहार के अलावे पलामू और गुमला के साथ सीमावर्ती राज्य छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में कुल 104 काण्ड दर्ज हैं. जिसको लेकर पुलिस और सुरक्षाबल लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश देती रही है. किन्तु हरेक बार चकमा देकर भागने में सफल रहता था, लेकिन इस बार लातेहार एसपी कुमार गौरव की कुशल नेतृत्व के जाल में फंस गया और पुलिस के हत्थे चढ़ा.
लातेहार : इस वक्त की बड़ी खबर लातेहार से है जहां पुलिस ने 5kg का सिलिंडर IED बरामद करने में सफलता हासिल की है. यह सिलिंडर बम हेरहंज थाना क्षेत्र के सेरेनदाग जंगल स्थित पगडंडी से मिली है जिसे बम निरोधक दस्ते ने सफलतापूर्वक ब्लास्ट कर नष्ट कर दिये. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सेरेनदाग जंगल में माओवादियों की भ्रमणशील होने की जानकारी पर एसएसबी 35 बटालियन के 2ic नीरज कुमार सिंह के साथ स्थानीय थानेदार कृष्णपाल सिंह पवैया के नेतृत्व में जंगल में सघन सर्च ऑपरेशन चला रहे थे. इसी दौरान सतर्क सुरक्षाबलों को IED प्लांट होने की भनक मिली. जिसे सतर्कता के साथ बरामद कर बम निरोधक टीम ने ब्लास्ट कर नष्ट किया. बता दें कि वर्ष 2026 तक जिला से माओवादी समेत अन्य नक्सली संगठन को नेस्तनाबूद करने की कदम में लातेहार पुलिस और सुरक्षाबल प्रतिबद्ध हैं. इसी प्रतिबद्धता के साथ लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
लातेहार : बड़ी खबर लातेहार से है जहां जिले के सदर थाना क्षेत्र में कोयला खनन कंपनी DVC के तुबेद कोल माइन्स में मंगलवार देर रात अपराधियों ने अंधाधुंध फाइरिंग कर दहशत फैलाने का कार्य किया है. घटना की जिम्मेवारी गेंगस्टर राहुल दुबे गैंग द्वारा लिया गया है. घटना के बाद पुलिस जांच में जुट गई है. राहुल दुबे गैंग ने सोशल मीडिया पर प्रेस विज्ञप्ति पोस्ट करते हुए लिखा कि बीती रात को तुबेद कोल साइडिंग में गोलीबारी और आगजनी की जिम्मेदारी लेता हूं. उन्होंने लिखा कि घटना केवल सुमित चटर्जी मां अंबे का कान का पर्दा खोलने के लिए किया गया है और यह आखिरी चेतावनी है. यदि मैनेज बगैर ट्रान्सपोर्ट कार्य किया गया तो अगला हमला घर के साथ रांची ऑफिस में किया जाएगा. इधर घटना की सूचना के साथ स्थानीय पुलिस गहन तफ्तीश शुरु कर दी है.
लातेहार : मनरेगा योजना बंद कर दूसरे नाम से योजना संचालित करने के विरूद्ध लातेहार में झामुमो ने एकदिनी धरना प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन प्रेषित किया. यह कार्यक्रम अनुमंडल कार्यालय परिसर में जिलाध्यक्ष लाल मोती नाथ शाहदेव के नेतृत्व में आयोजित हुआ. जहां केन्द्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम के साथ जिला के विभिन्न पंचायत से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे. आयोजित कार्यक्रम को लेकर जिलाध्यक्ष लाल मोती नाथ शाहदेव ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार पुज्यणीय राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम से संचालित मनरेगा योजना को साजिश के तहत बंद करने पर अमादा है. जिसे झारखंड मुक्ति मोर्चा कतई सफल नहीं होने देगी. जिलाध्यक्ष ने पूरे मामले पर राष्ट्रपति से हस्तक्षेप कर योजना को यथावत् रखने का आग्रह किया है. कहा कि पूर्व में संचालित मनरेगा योजना के तहत जरूरतमंद मजदूरों को स्थानीय स्तर पर रोजगार का बेहतर साधन था. लेकिन अब के VBG RAM-G बिल पारित किये जाने के बाद से रोजगार सृजन का घोर अभाव होगा, अधिकतर हाथ बे-रोजगारी का दंश झेलने को विवश होंगे. इधर पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम ने केंद्र सरकार पर झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार कर झारखंड राज्य के निवासियों को कमजोर करने में जुटी है.
लातेहार : बड़ी खबर लातेहार से है जहां सदर थाना क्षेत्र में पिछले कई दिनों से लापता एक युवक का क्षत विक्षत अवस्था में शव मिला है. शव मिलने के बाद गांव वालों में आक्रोश व्याप्त है. घटना से गुस्साये लोगों ने सड़क जाम कर दिया है. बताया जा रहा है कि मृतक युवक विगत 3 दिसंबर से रहस्यमय तरीके से लापता हुआ था. इसके बाद आज 19 दिन बाद NH किनारे बने ट्रेन्च से क्षत विक्षत हालत में शव की बरामदगी हुई है. इधर सूचना के बाद से बनहरदी गांव से सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मुख्यालय पहुंच कर रांची-डालटेनगंज मुख्यमार्ग को जाम कर चंदवा पुलिस के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की है. घटना को लेकर मृतक के पिता ने बताया कि चंदवा थाना को बीते 5 दिसंबर को लापता संबंधी लिखित आवेदन देकर स-कुशल बरामदगी को लेकर गुहार लगाया गया. किन्तु पूरे मामले पर चंदवा पुलिस लापरवाह रही. जिसका नतिजा है कि अपराधी हत्या कर दिये. बता दें कि छह दिन पूर्व भी चंदवा पुलिस की उदासीनता के विरुद्ध सिकनी गांव के समीप रांची-डालटेनगंज मुख्यमार्ग को करीब 5 घंटा जाम रखा गया था. जिसके बाद स-कुशल वापसी के वायदा पर ग्रामीण NH को जाम मुक्त किये थे. वहीं पांच दिन पूर्व भी चंदवा थानाक्षेत्र के कामता पंचायत निवासी जो लापता था उसका भी अपराधियों द्वारा बेरहमी से हत्या कर शव को जंगल में ठिकाना लगा दिये थे. मृतक का शिनाख्त चंदवा थानाक्षेत्र के बनहरदी गांव निवासी मनोज उरांव के रूप में हुई है. घटना को लेकर एसडीपीओ अरविंद कुमार ने बताया कि पुलिस सभी बिन्दुओं पर तफ्तीश शुरु कर दी है, जांच में FSL के साथ तकनीकी शाखा की भी मदद ली जा रही है. लेकिन चंदवा थानाक्षेत्र में बढ़ते अपहरण के बाद हत्या की घटना से क्षेत्रवासिंयों में दहशत व्याप्त है.
लातेहार : बड़ी खबर लातेहार से है जहां पीएलएफआई नक्सली संगठन सक्रिय सदस्य आलोक यादव उर्फ चंद्रशेखर यादव ने शुक्रवार को झारखंड सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है. पीएलएफआई नक्सली संगठन के सदस्य आलोक यादव उर्फ चंद्रशेखर यादव ने लातेहार पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी कुमार गौरव के समक्ष सरेंडर किया है. पुलिस अधिकारियों ने आलोक यादव को पुष्पगुच्छ और इनाम का चेक देकर स्वागत किया. आत्मसमर्पण करने वाला नक्सली लातेहार जिला के बालूमाथ का रहनेवाला है जो वर्ष 2013 से समाज के मुख्यधारा से भटक कर संगठन में शामिल हो गया था. तब से अब तक वो कुल 35 नक्सली घटनाओं को अंजाम दे चुका है. इसमें सबसे ज्यादा रांची जिला में 19 मामला, चतरा जिला में 10 के अलावा अन्य जिलों के पुलिस को लंबे समय से तलाश थी. मामले में एसपी कुमार गौरव ने बताया कि लातेहार जिला अब पहले जैसा नहीं रहा, यहां काफी बदलाव आया है. पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है. इस वर्ष अब तक कुल 21 नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं. उन्होंने बचे खुचे नक्सलियों को मुख्यधारा में लौटाने और समाज के साथ चलने का आह्वान किया. वहीं नक्सली आलोक ने कहा कि गलत संगत के वजह से भटक गये थे. लेकिन सरकार के आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के साथ पुलिस अधीक्षक के कुशल पहल के कारण आज हथियार छोड़ दिया हूं. उसने अन्य नक्सली साथियों को हथियार छोड़ने को लेकर अपील किया.
लातेहार : मनरेगा योजना बंद कर दूसरे नाम से योजना संचालित करने के विरूद्ध लातेहार कांग्रेस ने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम ज्ञापन प्रेषित किया. यह कार्यक्रम अनुमंडल कार्यालय परिसर में मनिका विधायक रामचन्द्र सिंह के नेतृत्व में आयोजित हुआ.इस मौके पर जिला कमेटी के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे. कार्यक्रम में विधायक रामचन्द्र सिंह ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार पुज्यणीय राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम से संचालित मनरेगा योजना को साजिश के तहत बंद करने पर अमादा है. जिसे कांग्रेस कतई सफल नहीं होने देगी. विधायक ने पूरे मामले पर राज्यपाल से हस्तक्षेप कर योजना को यथावत रखने का आग्रह किया है.
लातेहार : बड़ी खबर लातेहार से है जहां बालूमाथ थाना क्षेत्र में दो अलग अलग इलाकों में सड़क हादसे में 2 व्यक्तियों की मौत हो गई. घटना से इलाके में सनसनी है. घटना के बाद पुलिस मौके पर अस्पताल पहुंच कर दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर अग्रेतर कार्रवाई शुरु कर दी है. पहली घटना बरियातू फुलसू पथ की है, जहां अनियंत्रित बाइक बिजली खंभा से टकरा गया. हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल व्यक्ति को राहगीरों की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया जहां प्रारंभिक जांचोपरांत चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. वहीं दूसरी घटना बालूमाथ-लातेहार मार्ग की है. यहां दो बाइक के बीच सीधी टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. इधर सूचना के साथ स्थानीय पुलिस अस्पताल पहुंच कर दोनों शवों को कब्जे में लेकर अग्रेतर कार्रवाई आरंभ कर दी है. वहीं घटना से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल बना है.
लातेहार : झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर लातेहार में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. MLA रामचंद्र सिंह, DC उत्कर्ष गुप्ता एवं SP कुमार गौरव ने इस शिविर का संयुक्त रूप से फीता काटकर शुभारंभ किये. इसके बाद उपायुक्त द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान कर शिविर का आगाज हुआ. इसमें जिला प्रशासन के अधिकारियों और कर्मियों ने रक्तदान किये. कार्यक्रम के आयोजन को लेकर MLA रामचंद्र सिंह ने कहा कि आज जितनी अच्छी सड़क का निर्माण हो रहा है. दुर्घटना भी उसी रफ्तार में बढ़ रही है. इससे लोग गंभीर रूप से घायल भी हो रहे हैं. ऐसी स्थिति में लातेहार ब्लड बैंक ही एकमात्र सहारा है. जहां से जरूरतमंद को बल्ड उपलब्ध कराया जा सकता है. इसलिए प्रयास है कि ब्लड बैंक में ब्लड की उपलब्धता बनी रहे, ताकि जरूरतमंदों को समय पर रक्त प्राप्त हो और जीवन बच सके. शिविर का आयोजन लातेहार ब्लड बैंक द्वारा आयोजित था. यहां तकनीशियन विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में अन्य तकनीशियन की मदद से रक्त संग्रह किया गया.