गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के बक्सीडीह स्थित शिव मेडिकल एजेंसी के बाहर से चोरी हुई बाइक के मामले में स्थानीय लोगों की सतर्कता से एक संदिग्ध युवक पकड़ा गया। कुछ दिन पहले सुनील पंडित की स्प्लेंडर प्रो बाइक (JH11M-1821) मेडिकल दुकान के बाहर से चोरी हो गई थी। बाइक मालिक के मुताबिक, वह सुबह करीब 9 बजे बाइक खड़ी कर दुकान के अंदर गए थे। दोपहर करीब 1 बजे लौटने पर बाइक वहां नहीं मिली।

घटना के बाद आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की गई। फुटेज में दोपहर करीब 12:36 बजे एक युवक बाइक लेकर जाते हुए दिखाई दिया। इसके बाद नगर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई और बाइक बरामदगी की मांग की गई थी।बताया गया कि आज वही संदिग्ध युवक एक गली में घूमता नजर आया। स्थानीय लोगों ने उसे पहचानकर पकड़ लिया और नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है। बाइक की बरामदगी और मामले में उसकी भूमिका की जांच जारी है।