पटना : बड़ी खबर बिहार के सुपौल से है जहां जिले के जीवछपुर स्थित उत्क्रमित बालक मध्य विद्यालय में कक्षा के दौरान सोते पाए जाने के कारण विशिष्ट शिक्षक अजीत कुमार को निलंबित कर दिया गया है.
सुपौल जिले के जीवछपुर स्थित उत्क्रमित बालक मध्य विद्यालय में कक्षा के दौरान सोते हुए पाए गए विशिष्ट शिक्षक अजीत कुमार को निलंबित कर दिया गया है।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने मामले की जानकारी मिलते ही त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया था. इसके बाद सुपौल के जिला शिक्षा पदाधिकारी ने मामले की जांच कराई जिसमें आरोप सही निकले. निलंबित शिक्षक के विरुद्ध आरोप पत्र अलग से जारी किया जाएगा.
जांच में पाया गया कि विशिष्ट शिक्षक क्लास रूम के अंदर कुर्सी पर पैर रखकर सो रहे थे. इस दौरान वे जींस पैंट भी पहने हुए थे. बच्चों को पढ़ाने के बजाय उनका सोना शैक्षणिक व्यवस्था के प्रति लापरवाही है.
जांच रिपोर्ट के अनुसार शिक्षक का आचरण छात्रों के हितों के विरुद्ध और सरकारी सेवक आचार नियमावली के प्रावधानों का उल्लंघन था. इसे कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही मानते हुए अनुशासनिक प्राधिकार ने निलंबन का निर्णय लिया. यह कार्रवाई बिहार विद्यालय विशिष्ट शिक्षक (संशोधित) नियमावली, 2024 के प्रावधानों के तहत की गई है.
प्रीतम कुमार की रिपोर्ट-
