बड़ा हादसा टला : कोसी नदी में नाव पलटी, ग्रामीणों की मदद से सभी को निकाला गया सुरक्षित बाहर
सुपौल: बड़ी खबर सुपौल से है जहां जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह कोसी नदी में नाव अचानक असंतुलित होकर पलट गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग नदी में बह गए. घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और नदी में डूब रहे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
जानकारी के अनुसार,बनेनिया घाट से दर्जनों ग्रामीण नाव पर सवार होकर नदी पार स्थित पलार क्षेत्र में मूंग तोड़ने जा रहे थे. इसी दौरान कोसी नदी में नाव अचानक असंतुलित होकर पलट गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग नदी में बह गए.
प्रत्यक्षदर्शियों और बचाई गई महिलाओं ने बताया कि नाव पर उसकी क्षमता से अधिक लोग सवार थे. नदी के बीच पहुंचने के बाद अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया और वो पलट गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए नदी में डूब रहे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया. ग्रामीणों की मदद से सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
नाव पर कुल कितने लोग सवार थे,इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है. प्रशासन भी यात्रियों की वास्तविक संख्या का पता लगाने में जुटा हुआ है. हादसे की सूचना मिलते ही सरायगढ़-भपटियाही अंचल प्रशासन सक्रिय हो गया. अंचलाधिकारी (सीओ),भपटियाही थाना अध्यक्ष बृजेश कुमार दुबे तथा अन्य अधिकारियों के संयुक्त नेतृत्व में बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया.
नदी से सुरक्षित निकाले गए लोगों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरायगढ़ में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है. फिलहाल हादसे के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. प्रारंभिक तौर पर नाव पर अधिक लोगों के सवार होने की बात कही जा रही है.





