सुपौल:जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े एक युवक का अपहरण कर लिया गया। भीमपुर की ओर से आ रही चारपहिया वाहन में सवार अपराधियों ने स्टेट हाईवे पर बाइक से जा रहे युवक को जबरन गाड़ी में बैठा लिया। ग्रामीणों ने जब अपहरणकर्ताओं का पीछा किया तो उन्होंने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस युवक की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है।
अपहृत युवक की पहचान छातापुर थाना क्षेत्र के माधोपुर पंचायत के वार्ड-13 निवासी खुर्शीद खान के 20 वर्षीय पुत्र मो.जीसान खान के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक बाइक से जा रहा था, तभी चारपहिया वाहन में सवार लोगों ने उसे जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया और वहां से फरार होने लगे। इस दौरान ग्रामीणों ने अपहरणकर्ताओं को खदेड़ने की कोशिश की। खुद को घिरता देख अपराधियों ने फायरिंग कर दी और मौके से भाग निकले। युवक जिस बाइक से जा रहा था, उसका नंबर BR50AD8174 बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही भीमपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल से मिले खोखे समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। युवक को किस वजह से अगवा किया गया,फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो सका है।
घटना को लेकर एसपी शरथ आरएस ने बताया कि भीमपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति को अपराधियों द्वारा गाड़ी में बैठाकर ले जाने की सूचना मिली है। इस दौरान दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग भी की गई। युवक की बरामदगी के लिए पुलिस की चार से पांच टीमें अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही हैं। एसपीजी त्रिवेणीगंज के नेतृत्व में एक विशेष टीम का भी गठन किया गया है। पुलिस की कई टीमें इस मामले में लगातार कार्रवाई कर रही हैं। एसपी ने बताया कि युवक को सकुशल बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई और जांच के बाद विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

