Hindi News / डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव पहुंचे सुपौल, बल्ब-पंखा बंद करवाकर बोले- पेट्रोल-डीजल भी...

BIHAR NEWS : डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव पहुंचे सुपौल, बल्ब-पंखा बंद करवाकर बोले- पेट्रोल-डीजल भी बचाना चाहिए

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना:बिहार के उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव गुरुवार को सुपौल पहुंचे. जिले के निर्मली स्थित कोसी निरीक्षण भवन में बतौर डिप्टी सीएम पहली बार आगमन पर एमडीए कार्यकर्ताओं व नागरिकों ने उनका भव्य स्वागत किया. इस दौरान उन्होंने लोगों से बिजली और ईंधन की अनावश्यक खपत रोकने की अपील करते हुए ऊर्जा संरक्षण का संदेश दिया. निरीक्षण भवन पहुंचने पर उन्होंने दिन में जल रहे एलईडी बल्ब और चल रहे पंखों को बंद करवाया तथा कहा कि बिना जरूरत बिजली खर्च करना सही नहीं है. उन्होंने कहा कि लोगों को बिजली के साथ-साथ पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने के प्रति भी जागरूक होना चाहिए.

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जेडीयू,भाजपा,लोजपा सहित एनडीए घटक दल के कार्यकर्ता,जनप्रतिनिधि और आम लोग मौजूद रहे. इस अवसर पर सुपौल सांसद दिलेश्वर कामैत,निर्मली विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव,लौकहा विधायक सतीश कुमार साह,पूर्व एमएलसी हारून रसीद,मधुबनी के जिला परिषद सदस्य विनोद कुमार साह,नगर पंचायत निर्मली के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि जगरनाथ कामत समेत कई नेता उपस्थित रहे.

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विकास,जनसमस्याओं और सरकार की विभिन्न योजनाओं पर चर्चा की गई. डिप्टी सीएम ने कहा कि बिहार सरकार विकास कार्यों को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और सरकार की उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने की अपील की.

वहीं,निर्मली विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव ने कहा कि क्षेत्र में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं पर काम चल रहा है.

स्थानीय लोगों ने भी इस दौरान कोसी क्षेत्र से जुड़ी कई समस्याओं को नेताओं के समक्ष रखा. इस मौके पर जेडीयू जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव,जीवनेश्वर साह,रामचंद्र यादव,नथुनी मंडल,अमरदेव कामत,किशोरी साह,अभिषेक पंसारी,भोला मंडल,लक्ष्मी नारायण यादव,रंजीत नायक,जगरनाथ कामत,मनोज राम,धर्मेंद्र कुमार साह और प्रमोद यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.

सुपौल से विष्णु गुप्ता की रिपोर्ट-