बिहार की जनता का अपमान करने के लिए कांग्रेस नेतृत्व सार्वजनिक रूप से माफी मांगे

पटना: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम द्वारा बिहार और बिहारियों को लेकर की गई अपमानजनक टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं की भाषा उनके राजनीतिक संस्कार और बिहार के प्रति उनकी सोच को उजागर करती है।

संजय सरावगी ने कहा कि बिहार वह ऐतिहासिक धरती है, जिसने देश को लोकतंत्र, ज्ञान, दर्शन और सामाजिक चेतना की दिशा दी है। इसी बिहार ने देश को चाणक्य, आर्यभट्ट, भगवान महावीर, भगवान बुद्ध और लोकनायक जयप्रकाश नारायण जैसी महान विभूतियां दी हैं। देश की आजादी से लेकर लोकतंत्र की रक्षा और राष्ट्र निर्माण तक बिहारियों का योगदान अतुलनीय रहा है।

उन्होंने कहा कि बिहारियों को अयोग्य बताना केवल एक व्यक्ति पर टिप्पणी नहीं, बल्कि मेहनतकश बिहार की करोड़ों जनता, युवाओं, किसानों, मजदूरों और प्रतिभाशाली लोगों का अपमान है। बिहार के युवा आज देश-विदेश में अपनी प्रतिभा, परिश्रम और मेधा से राज्य का गौरव बढ़ा रहे हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि बिहार की जनता अपने स्वाभिमान से कभी समझौता नहीं करती। बिहार ने हमेशा अहंकार और अपमान की राजनीति को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया है।

उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से सवाल किया कि क्या बिहारियों का अपमान करना ही कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति और उसकी सोच का हिस्सा है? उन्होंने मांग की कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता इस बयान पर अपनी स्थिति स्पष्ट करें और बिहार की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।

उन्होंने कहा कि बिहार किसी की कृपा का मोहताज नहीं है। बिहार की पहचान उसकी प्रतिभा, परिश्रम, स्वाभिमान और गौरवशाली विरासत से है। बिहारियों का अपमान करने वालों को यहां की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।

पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट