रांची:अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में शामिल होने के लिए झारखंड से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का दिल्ली रवाना होने का सिलसिला शुरू हो गया है। इसी क्रम में राज्य की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने रांची से 13 बसों को रवाना किया। इन बसों में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सवार थे।
ट्रेन और बस से दिल्ली जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ता
रैली में भाग लेने के लिए झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों से कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच रहे हैं। इस मौके पर कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि कार्यकर्ताओं का दिल्ली जाना शुरू हो गया है। लोग ट्रेन और बस के माध्यम से रैली में शामिल होने के लिए रवाना हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस रैली के जरिए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया नए सिरे से पूरी करने की मांग उठाई जाएगी। साथ ही उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त से इस्तीफे की मांग करते हुए आरोप लगाया कि मतदाताओं के वोट देने के अधिकार पर असर पड़ रहा है।
केंद्र सरकार पर बंधु तिर्की ने साधा निशाना
वहीं, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने केंद्र सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं पर हमला करने और राष्ट्रीय संपत्तियों को बेचे जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वोट देने के अधिकार को सुरक्षित रखना लोकतंत्र के लिए जरूरी है। बंधु तिर्की ने कहा कि दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली के माध्यम से कांग्रेस और INDIA गठबंधन केंद्र सरकार के सामने अपनी मांगें रखेंगे।
रामलीला मैदान में होगी महारैली
कांग्रेस की ओर से आयोजित इस रैली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण, मताधिकार और संवैधानिक संस्थाओं से जुड़े मुद्दे उठाए जाने की बात कही जा रही है। झारखंड से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने के लिए रवाना होने के साथ ही पार्टी ने रैली की तैयारियां तेज कर दी हैं।
JHARKHAND POLITICS
‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली के लिए झारखंड से कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली रवाना, 13 बसों को दिखाई गई हरी झंडी

