सरायकेला-खरसावांः झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में एनएच-33 पर गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। चौका थाना क्षेत्र के बड़ामटांड़ के पास ट्रक और दो ट्रेलर आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और दोनों चालक बाल-बाल बच गए।

पहले से खड़े दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर से टकराया ट्रक
मिली जानकारी के अनुसार, एनएच-33 पर बड़ामटांड़ के पास पहले से एक दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान रांची से जमशेदपुर की ओर जा रहा एक ट्रक उससे टकरा गया। इसके तुरंत बाद पीछे से आ रहा एक अन्य ट्रेलर भी अनियंत्रित होकर ट्रक से जा भिड़ा। लगातार हुई टक्करों के कारण मौके पर अफरातफरी मच गई। हादसे में ट्रक और ट्रेलर के अगले हिस्सों को काफी नुकसान पहुंचा। वहीं, एक ट्रेलर सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ गया, जिससे यातायात प्रभावित हो गया।

NH-33 पर लगा वाहनों का लंबा जाम
तीन भारी वाहनों की टक्कर के बाद एनएच-33 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के सड़क पर फंसे रहने से आवागमन बाधित हो गया और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलने के बाद चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाने की कार्रवाई शुरू की। काफी मशक्कत के बाद यातायात को सामान्य कराया जा सका।

सड़क किनारे खड़े वाहन से हादसे की आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले से दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर का सड़क किनारे खड़ा होना इस हादसे की संभावित वजह हो सकता है। लोगों ने हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त भारी वाहनों को बिना पर्याप्त संकेतक और सुरक्षा व्यवस्था के खड़ा किए जाने पर चिंता जताई। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसे के बाद एक बार फिर हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सुरक्षित तरीके से हटाने, चेतावनी संकेत लगाने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने की जरूरत सामने आई है।

चांडिल से विजय कुमार की रिपोर्ट