भागलपुर:बिहार के भागलपुर स्थित विक्रमशिला सेतु के पुनर्स्थापन एवं मरम्मति कार्य में तेजी लाने की कवायद जारी है। इसी कड़ी में बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र ने सेतु का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की अद्यतन प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न तकनीकी और मरम्मति कार्यों की समीक्षा की।
विक्रमशिला सेतु के पुनर्स्थापन एवं मरम्मति कार्य के लिए 126.25 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। इस राशि से पुल की संरचनात्मक मजबूती बढ़ाने, सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।
चार स्टील गर्डर ब्रिज की लॉन्चिंग पूरी
विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, चार स्टील गर्डर ब्रिज (Steel Girder Bridge) की लॉन्चिंग का काम पूरा कर लिया गया है। चारों स्पैन पर डेक शीट लगाने का कार्य जारी है।वहीं, IIT पटना की रिपोर्ट के आधार पर नेविगेशनल स्पैन को मजबूत बनाने के लिए रेट्रोफिटिंग और स्ट्रेंथनिंग का काम किया जा रहा है। इसके अलावा V5-P1, P1-P2, P2-P3 और P3-P4 स्पैन में रैंप निर्माण का कार्य भी प्रगति पर है।
67 में से 20 एक्सपेंशन ज्वाइंट बदले गए
सेतु के सभी 67 स्पैन के एक्सपेंशन ज्वाइंट बदलने का प्रावधान है। इनमें से अब तक 20 एक्सपेंशन ज्वाइंट बदले जा चुके हैं। वहीं, नेविगेशनल स्पैन के कुल 40 बेयरिंग में से 22 को बदलने का काम पूरा हो चुका है। नॉन-नेविगेशनल स्पैन में नए बेयरिंग लगाने और पुराने बेयरिंग की मरम्मत के तहत एक बेयरिंग बदला गया है और उसकी मरम्मत का कार्य भी पूरा कर लिया गया है।
पुल का वजन कम करने की भी तैयारी
विक्रमशिला सेतु का भार कम करने के उद्देश्य से पुराने फुटपाथ और रेलिंग को हटाकर हल्के वजन वाली नई रेलिंग लगाने का काम भी जारी है। इसके साथ ही पुल और एप्रोच रोड की सड़क गुणवत्ता को MoRTH मानकों के अनुरूप बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं।
जल्द पूरा होगा मरम्मति कार्य- मंत्री
निरीक्षण के दौरान पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार राज्य की महत्वपूर्ण आधारभूत संरचनाओं को सुरक्षित, मजबूत और बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि विक्रमशिला सेतु भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों के लिए बेहद महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसके पुनर्स्थापन एवं मरम्मति कार्य को जल्द से जल्द पूरा कर आम जनता को समर्पित करने के लिए पथ निर्माण विभाग लगातार प्रयास कर रहा है।
मंत्री ने कहा कि मरम्मति कार्य पूरा होने के बाद लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्रीय संपर्क, यातायात व्यवस्था और रोजाना आवागमन को भी मजबूती मिलेगी।
नीरज उपाध्याय की रिपोर्ट

