पटनाः भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के पावर स्टार पवन सिंह एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। अभिनेता ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपने परिवार और खानदान से रिश्ता खत्म करने का ऐलान किया है। हालांकि, इस फैसले में उन्होंने अपनी मां और बड़े भाई रानू सिंह को अलग रखा है। उनके इस पोस्ट के सामने आने के बाद भोजपुरी फिल्म जगत और सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
सोशल मीडिया पोस्ट में छलका पवन सिंह का दर्द
पवन सिंह ने अपने फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपनी मां और बड़े भाई की तस्वीर साझा करते हुए भावुक संदेश लिखा। पोस्ट में उन्होंने कहा कि घर-परिवार के चक्कर में इंसान कई बार वेद-शास्त्र तक भूल जाता है। लेकिन अब बर्दाश्त की सीमा पार हो चुकी है। उन्होंने अपने संदेश में साफ कहा कि आज और अभी से उनका अपने पूरे परिवार और खानदान से कोई रिश्ता नहीं रहेगा। उनके इस फैसले को लेकर प्रशंसक तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
मां और बड़े भाई के लिए जान कुर्बान करने की बात
परिवार और खानदान से रिश्ता खत्म करने के ऐलान के बीच पवन सिंह ने अपनी मां और बड़े भाई रानू सिंह के प्रति प्रेम और सम्मान जाहिर किया है। उन्होंने अपने पोस्ट में कहा कि जब तक वह जीवित हैं, उनकी मां और बड़े भाई के लिए उनकी जान हाजिर है। इस तरह उन्होंने स्पष्ट किया कि परिवार से दूरी बनाने के फैसले में उनकी मां और बड़े भाई शामिल नहीं हैं।
पोस्ट के अंत में उन्होंने खुद को भोजपुरिया समाज के परिवार का एक छोटा सदस्य बताया। उनके इस भावुक संदेश को प्रशंसक पारिवारिक विवाद से जोड़कर देख रहे हैं।
पत्नी ज्योति सिंह से तलाक का मामला भी चर्चा में
गौरतलब है कि पवन सिंह की निजी जिंदगी पहले से ही कानूनी विवादों को लेकर चर्चा में रही है। उनकी दूसरी पत्नी ज्योति सिंह के साथ तलाक का मामला भी विचाराधीन बताया जा रहा है। आरा और बलिया के परिवार न्यायालयों में तलाक और भरण-पोषण से जुड़े मामले चल रहे हैं। इसी बीच परिवार और खानदान से रिश्ता खत्म करने के पवन सिंह के ऐलान ने एक बार फिर उन्हें सुर्खियों में ला दिया है। फिलहाल उनके इस फैसले के पीछे की वजह को लेकर अभिनेता की ओर से कोई विस्तृत स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।

