बरही से एक बेहद दिल दहला देने वाली और संवेदनशील घटना सामने आई है। यहाँ महज 20 रुपये के विवाद ने एक इंसान की जान ले ली। आरोप है कि एक विक्षिप्त व्यक्ति की पत्थर से कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। राहत की बात यह रही कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। यह सनसनीखेज वारदात बरही के तिलैया रोड इलाके की है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पीड़ित एक विक्षिप्त व्यक्ति था। बताया जा रहा है कि पहले उसे खाने के लिए 20 रुपये दिए गए थे। इसके बाद और पैसे की मांग को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि देखते ही देखते यह मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्साए युवक ने अपना आपा खो दिया। उसने पास पड़े पत्थर से विक्षिप्त व्यक्ति पर हमला कर दिया और पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और लोग स्तब्ध रह गए।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभाला और आरोपी गौतम कुमार को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर भी मौके से बरामद कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।