जमशेदपुर: शहर में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के कंटेनर यार्ड स्थित पास्ता साइडिंग में पुलिस ने छापेमारी कर दो युवकों और एक नाबालिग को पकड़ा है। इनके पास से दो देसी पिस्टल, 7.65एमएम के दो जिंदा कारतूस,एक अतिरिक्त मैगजीन,मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार,पूछताछ में कपाली निवासी मो. आबिद से97हजार रुपये में हथियार खरीदने की बात सामने आई है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
पुलिस के मुताबिक, 19अक्टूबर को वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि मोटरसाइकिल सवार तीन युवक अवैध हथियारों के साथ इलाके में घूम रहे हैं और किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस उपाधीक्षक नगर संजीव कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने कंटेनर यार्ड स्थित पास्ता साइडिंग में छापेमारी की। पुलिस को देखते ही तीनों युवक भागने लगे,लेकिन टीम ने उन्हें मोटरसाइकिल समेत पकड़ लिया।
तलाशी में दो देसी पिस्टल और कारतूस बरामद
पकड़े गए आरोपियों की तलाशी के दौरान पुलिस ने दो देसी पिस्टल, 7.65एमएम के दो जिंदा कारतूस,एक अतिरिक्त मैगजीन और मोबाइल फोन बरामद किया। पुलिस ने मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है।
पकड़े गए युवकों की पहचान मो. अयान आलम और मो. सादिक आलम के रूप में हुई है। वहीं,तीसरा आरोपी विधि-विरुद्ध निरुद्ध बालक है।
97हजार रुपये में हथियार खरीदने की बात आई सामने
पुलिस के अनुसार,पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर कपाली निवासी मो. आबिद से97हजार रुपये में हथियार खरीदने की बात बताई है। पुलिस अब हथियारों की आपूर्ति करने वाले व्यक्ति और इस खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी,नेटवर्क की जांच जारी
इस मामले में बर्मामाइंस थाना में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस हथियारों के स्रोत,उनकी खरीद-बिक्री और कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस की जांच के बाद ही हथियारों की खरीद-बिक्री से जुड़े पूरे मामले और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
जमशेदपुर से बिनोद केशरी की रिपोर्ट

