काराकाट में दिनदहाड़े वारदात, मारपीट कर रुपये लूटे; दो दिन पहले कोचस में आभूषण कारोबारी से हुई लूट का भी खुलासा नहीं
रोहतास:
जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। बेखौफ बदमाशों ने काराकाट थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हथियार के बल पर एक सीएसपी (ग्राहक सेवा केंद्र) संचालक से ढाई लाख रुपये से अधिक की लूट की वारदात को अंजाम दिया। अपराधी लूटपाट के बाद आराम से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना काराकाट थाना क्षेत्र के कर्मा-नान्हो आहर के समीप की है। सीएसपी संचालक वहां से गुजर रहे थे, तभी हथियार से लैस अपराधियों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर उनके साथ मारपीट की और ढाई लाख रुपये से अधिक की नकदी लूटकर फरार हो गए।

धनछुहां गांव के रहने वाले हैं पीड़ित
लूट के शिकार सीएसपी संचालक की पहचान काराकाट थाना क्षेत्र के धनछुहां गांव निवासी सुरेश पांडेय के पुत्र भोला नाथ पांडेय के रूप में हुई है। दिनदहाड़े हथियार के बल पर हुई इस वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

दो दिन पहले कोचस में भी हुई थी लूट
गौरतलब है कि दो दिन पहले रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र में भी दिनदहाड़े एक आभूषण कारोबारी से लूट की घटना हुई थी। उस मामले का खुलासा होने से पहले ही काराकाट में सीएसपी संचालक को निशाना बनाए जाने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।

लगातार सामने आ रही लूट की घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। अपराधियों के इस तरह बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देने से कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

रोहतास से दयानंद तिवारी की रिपोर्ट