पटना : बिहार विधान परिषद चुनाव में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जीत दर्ज करने के बाद जेडीयू नेता नीरज कुमार ने अनंत सिंह पर तीखा तंज कसा है. अनंत सिंह की ओर से बधाई नहीं देने की बात कहे जाने पर नीरज कुमार ने पलटवार करते हुए कहा, ''कौन बधाई ले रहा है? ऐसे लोगों से बधाई लेने पर पाप चढ़ता है.'' उन्होंने ललन सिंह से भी बधाई लेने से इनकार किया. नीरज कुमार ने कहा कि चुनाव के दौरान उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.


पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार की जीत


बिहार विधान परिषद चुनाव में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नीरज कुमार ने जीत हासिल की. उन्हें कुल19,930वोट मिले, जबकि राजद उम्मीदवार दिलीप कुमार को15,275वोट प्राप्त हुए. अनंत सिंह समर्थित उम्मीदवार अनुज सिंह तीसरे स्थान पर रहे. जीत के बाद नीरज कुमार ने जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव और विजय कुमार चौधरी से मुलाकात कर आभार जताया.


कार्यकर्ताओं की मेहनत को दिया जीत का श्रेय


नीरज कुमार ने कहा कि उनकी जीत में पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा. उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, निशांत कुमार और वरिष्ठ नेता वशिष्ठ नारायण सिंह से मिले आशीर्वाद का भी जिक्र किया. नीरज कुमार के मुताबिक, चुनाव के दौरान संजय झा लगातार चुनावी स्थिति की जानकारी लेते रहे और उनका हौसला बढ़ाते रहे.


धनबल और बाहुबल की राजनीति पर निशाना


नीरज कुमार ने चुनाव के दौरान अपने खिलाफ हुई बयानबाजी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कुछ लोगों ने उनकी जमानत जब्त होने का दावा किया था, लेकिन परिणाम सामने है. उन्होंने कहा कि धनबल और बाहुबल की राजनीति अब नहीं चलेगी. साथ ही उन्होंने कहा कि राजनीति में मिले सहयोग और विश्वास का कर्ज वह सूद समेत लौटाएंगे. नीरज कुमार ने इसे कार्यकर्ताओं की मेहनत और पार्टी के समर्थन की जीत बताया.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-