पटना : बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित दौरों को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार आएंगे, जबकि उनके दौरे के ठीक बाद 11 दिसंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बिहार आगमन प्रस्तावित है. अमित शाह के इस दौरे को राज्य में चीनी उद्योग को फिर से मजबूत करने की सरकार की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड स्थित जाफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र पहुंचेंगे. यहां वे कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन गंगा पुल, जिसे नीतीश सेतु नाम दिया गया है, का उद्घाटन करेंगे. इसके अलावा कई अन्य विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी प्रस्तावित है. कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री जाफरपट्टी मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे.

बिहार में एनडीए सरकार के एक वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रधानमंत्री का यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी इसकी जानकारी देते हुए बताया कि एनडीए के पांचों घटक दल मिलकर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को भव्य बनाने की तैयारियों में जुटे हैं.

वहीं, 11 दिसंबर को अमित शाह के बिहार दौरे के दौरान पांच नई चीनी मिलों की शुरुआत किए जाने की तैयारी है. इसकी जानकारी बिहार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान ने दी है. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वर्ष 2026 में पांच चीनी मिलें शुरू करने की घोषणा की थी. इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए केंद्रीय गृह मंत्री के हाथों इन मिलों की शुरुआत कराई जाएगी.

इस बीच मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव और गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार पासवान के साथ 40 गन्ना विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. ये रथ राज्य के विभिन्न जिलों में जाकर किसानों को गन्ने की उन्नत खेती, बेहतर बीज, आधुनिक तकनीक और सरकारी सब्सिडी की योजनाओं की जानकारी देंगे. गांवों में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से भी किसानों को जागरूक किया जाएगा.

गन्ना उद्योग मंत्री के अनुसार फिलहाल बिहार में 10 चीनी मिलें चालू हैं. सरकार बंद पड़ी चीनी मिलों को दोबारा शुरू करने और नई मिलें स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है. ऐसे में अब 11 दिसंबर को अमित शाह के दौरे और पांच चीनी मिलों से जुड़ी पहल पर सबकी नजरें टिकी हैं.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-