पटना: बड़ी खबर पटना से है जहां राजीव नगर थाना क्षेत्र के फ्रेंड्स कॉलोनी रोड नंबर-4 में शनिवार सुबह रिटायर्ड इंजीनियर की गोली लगने से मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गई है.
मृतक की पहचान आलोक कुमार के रूप में हुई है. वो मूल रूप से मोतिहारी के रहने वाले थे और झारखंड में रहते थे.
बताया जा रहा है कि राजीव नगर थाना क्षेत्र के फ्रेंड्स कॉलोनी में मोतिहारी के रहने वाले रिटायर्ड इंजीनियर आलोक कुमार की गोली लगने से मौत हो गई. वो कोल इंडिया की कंपनी सीसीएल से करीब पांच-छह साल पहले रिटायर हुए थे और झारखंड में रहते थे. जानकारी के मुताबिक, आलोक कुमार तीन दिन पहले पटना में अपनी बहन से मिलने आए थे. वह विद्या विहार अपार्टमेंट में अपनी बहन के परिवार के साथ ठहरे हुए थे. शनिवार सुबह वह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे. कुछ देर बाद उनका शव फ्रेंड्स कॉलोनी रोड नंबर-4 में एक कार के अंदर मिला. मृतक के बहनोई विनोद कुमार ने बताया कि सुबह गार्ड ने उन्हें कार में एक व्यक्ति के होने की जानकारी दी. मौके पर पहुंचने पर उन्होंने आलोक कुमार को कार में देखा. उन्होंने बताया कि आलोक कुमार की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि उनके बच्चे बाहर रहते हैं.
परिवार के मुताबिक, शुक्रवार रात सभी ने साथ में खाना खाया था और किसी खास परेशानी की जानकारी उन्होंने साझा नहीं की थी. घटना की सूचना मिलते ही राजीव नगर पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और ने घटनास्थल से एक पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किया है. पुलिस आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. मौत की सही वजह पोस्टमार्टम और जांच के बाद स्पष्ट होगी.
पटना से विवेक कुमार रॉय की रिपोर्ट-
