पटना के राजीव नगर थाना क्षेत्र के फ्रेंड्स कॉलोनी में एक कार के अंदर CCL के रिटायर्ड जनरल मैनेजर का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। कनपटी के पीछे गोली लगने से हुई इस मौत के बाद हत्या और आत्महत्या, दोनों की आशंकाएं जताई जा रही हैं। घटना शनिवार सुबह की है। पुलिस को सूचना मिली कि फ्रेंड्स कॉलोनी रोड नंबर-4 स्थित 'जमुना पैलेस' के नीचे एक कार की ड्राइविंग सीट पर किसी का शव पड़ा है। मृतक की पहचान CCL के रिटायर्ड जीएम आलोक कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से रांची के कांके रोड स्थित इंदिरा नगर के रहने वाले थे।
मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि कार की ड्राइविंग सीट का गेट खुला हुआ था और शीशा भी नीचे था। आलोक कुमार के कनपटी के पीछे गोली का निशान था, और घटनास्थल के पास से ही एक पिस्टल और खाली कारतूस भी बरामद किया गया है।बताया जा रहा है कि करीब तीन दिन पहले ही आलोक कुमार पटना में रहने वाली अपनी बहन से मिलने आए थे। शुरुआती जांच और मौके के हालातों को देखकर पुलिस इसे आत्महत्या (सुसाइड) मानकर भी चल रही है। हालांकि, परिवार और रिश्तेदारों ने हत्या की आशंका जताई है, जिसके बाद मामला और गंभीर हो गया है।
जांच में यह बात भी सामने आई है कि आलोक कुमार जमीन के कारोबार से जुड़े हुए थे और कुछ दिन पहले ही रांची स्थित उनके घर में चोरी की एक वारदात भी हुई थी।फिलहाल राजीव नगर थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हर एंगल—चाहे वह आपसी रंजिश हो, जमीन का कारोबार, या कोई अन्य कारण से गहराई से जांच कर रही है।
