रांची के बरियातू थाना क्षेत्र में फर्जी दस्तावेजों के सहारे छह लाख रुपये से अधिक की ठगी और जालसाजी का सनसनीखेज मामला दर्ज हुआ है।मामला ‘अर्थ स्किल्स प्राइवेट लिमिटेड’ के निदेशक पीयूष पोद्दार की शिकायत पर दर्ज हुआ है। शिकायत के मुताबिक, पंचवटी गार्डेन बरियातू के रहने वाले पीयूष पोद्दार ने सरकारी योजना — दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना यानी DDU-GKY के तहत एक परियोजना प्रस्ताव तैयार करने के लिए झांसी के 'एजी स्किल डेवलपमेंट' के प्रोपराइटर एबी अहमद को बतौर विशेषज्ञ सलाहकार नियुक्त किया था। इसके एवज में आरोपी के बैंक खाते में बतौर फीस 5 लाख 22 हजार 800 रुपये का भुगतान भी किया गया था।

आरोप है कि एबी अहमद ने एक्सिस बैंक का एक फर्जी सॉल्वेंसी सर्टिफिकेट और लखनऊ के सीए मोहित रस्तोगी के नाम से एक फर्जी सीए सर्टिफिकेट तैयार किया। इन दस्तावेजों में एक ऐसे UDIN नंबर का इस्तेमाल किया गया था, जिसका असलियत में कोई वजूद ही नहीं था। इतना ही नहीं, इन फर्जी कागजातों को सरकारी पोर्टल पर भी अपलोड कर दिया गया।जब सरकारी स्तर पर इन दस्तावेजों की जांच की गई, तो सारा फर्जीवाड़ा उजागर हो गया और परियोजना को रद्द कर दिया गया। इस वजह से कंपनी को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

मामले में एक और बड़ा आरोप सामने आया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपी ने गत 22 जुलाई को असम स्थित एक सेंटर के लिए 1 लाख 13 हजार 404 रुपये की यूनिफॉर्म कूरियर के जरिए मंगवाई थी, लेकिन डिलीवरी मिलने के बाद भी उसका भुगतान नहीं किया गया।

फिलहाल, पीयूष पोद्दार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी एबी अहमद के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचना की गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से छानबीन कर रही है कि इस जालसाजी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।