पटना:जिले के मोकामा थाना क्षेत्र के बरहपुर गांव में गुरुवार को दो किशोरों की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दोनों किशोरों के शव गांव के एक कुएं से बरामद किए गए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं, दो अन्य किशोरों के लापता होने की सूचना से पुलिस की चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे बरहपुर गांव के चार किशोर रेलवे हॉल्ट के पास मौजूद थे। इसी दौरान कुछ अपराधियों ने कथित तौर पर उन्हें अपने कब्जे में लिया और पास की झाड़ियों में ले गए। आरोप है कि अपराधियों ने दोनों किशोरों के हाथ-पांव बांधकर उनकी हत्या कर दी और शवों को कुएं में फेंक दिया। हालांकि, घटना में शामिल लोगों और हत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पुलिस ने जिन दो किशोरों के शव बरामद किए हैं, उनकी पहचान हरी बिंद के पुत्र सोनू कुमार और राम प्रवेश बिंद के पुत्र मिलन कुमार के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 15 वर्ष बताई जा रही है। लापता दो अन्य किशोरों की तलाश कुएं और आसपास की झाड़ियों में की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पटना ग्रामीण एसपी कोमल मीणा, बाढ़ एएसपी रामकृष्ण समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस डॉग स्क्वाड की भी मदद ले रही है।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि लूटपाट से मिली रकम के बंटवारे को लेकर विवाद इस वारदात की वजह हो सकता है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। एक बुजुर्ग महिला से भी पूछताछ की जा रही है, जिसे घटना का प्रत्यक्षदर्शी बताया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता लापता किशोरों का पता लगाना और वारदात में शामिल आरोपितों की पहचान करना है। घटना ने पूरे मोकामा क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

