छठ घाटों पर जाने वाले रास्तों पर भी वाहनों का परिचालन रहेगा प्रतिबंधित,धुर्वा डैम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष ट्रैफिक व्यवस्था;निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें वाहन
रांची: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर रांची पुलिस ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। श्रद्धालुओं की भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए 15 और 16 नवंबर को अलग-अलग समय अवधि में भारी एवं छोटे मालवाहक वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी। इसके अलावा प्रमुख छठ घाटों तक जाने वाले कुछ रास्तों पर भी वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित किया गया है।

ऐसे में अगर आप छठ घाट जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले रांची पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर जान लें।

15और 16नवंबर को भारी वाहनों की नो एंट्री
रांची में छठ महापर्व को लेकर भारी मालवाहक वाहनों के परिचालन पर विशेष प्रतिबंध लगाया गया है।

15 नवंबर: सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
16 नवंबर: सुबह 2 बजे से सुबह 10 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों की नो एंट्री रहेगी।


इस दौरान भारी वाहन रिंग रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। हालांकि, पहले से निर्धारित नो एंट्री का समय भी पूर्ववत लागू रहेगा।

छोटे मालवाहक वाहनों पर भी रहेगी रोक
रांची पुलिस की ट्रैफिक व्यवस्था के अनुसार, 15 नवंबर को दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक सभी छोटे मालवाहक वाहनों का शहर में प्रवेश और परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान संबंधित वाहन चालकों को प्रशासन के निर्देशों का पालन करना होगा।

धुर्वा डैम छठ घाट जाने वाले रास्ते पर भी प्रतिबंध
धुर्वा डैम छठ घाट जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है। जुडिशियल अकादमी और सिठियो बस्ती स्थित अंजली होटल से धुर्वा डैम छठ घाट की ओर जाने वाली सड़क पर सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। इसलिए इस मार्ग से घाट जाने की योजना बना रहे लोगों को पहले से वैकल्पिक व्यवस्था और निर्धारित पार्किंग स्थलों की जानकारी लेनी चाहिए।

छठ घाटों के आसपास होगी पार्किंग की व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए छठ घाटों के आसपास अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था निर्धारित की गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। जरूरत पड़ने पर प्रशासन अन्य मार्गों को भी कुछ समय के लिए डायवर्ट या बंद कर सकता है।

रांची पुलिस की श्रद्धालुओं से अपील
रांची पुलिस ने लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। श्रद्धालुओं से कहा गया है कि घर से निकलने से पहले रूट प्लान की जानकारी जरूर लें, ताकि छठ घाट पहुंचने के दौरान जाम और अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।

छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए रांची पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था में यह बदलाव किया है। ऐसे में निर्धारित रूट और पार्किंग नियमों का पालन करना सभी के लिए जरूरी होगा।

रांची से नैयर की रिपोर्ट