पटना: छठ महापर्व को लेकर पटना नगर निगम ने गंगा घाटों और तालाबों पर तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान तीन घाटों पर कार्य की प्रगति असंतोषजनक मिलने पर संबंधित सहायक अभियंता को शो-कॉज नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान पाटलिपुत्र अंचल के तीन घाटों के पहुंच पथ पर दलदल और पार्किंग की अव्यवस्था मिली। नगर आयुक्त ने रास्तों का समतलीकरण कराने और सैंड बैग लगाने का काम जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।

उन्होंने प्रमुख घाटों पर नाइट ग्लो साइनेज, दिशा-सूचक बोर्ड और सुरक्षा से जुड़े इंतजाम रातोंरात पूरे करने को कहा। खतरनाक स्थलों पर लाल कपड़े से बैरिकेडिंग और चेंजिंग रूम की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

ट्रैश स्किमर से गंगा की सफाई

गंगा में तैरते कचरे और पूजन सामग्री को हटाने के लिए पटना नगर निगम ट्रैश स्किमर मशीन का इस्तेमाल कर रहा है। इसके अलावा सफाईकर्मियों और अतिरिक्त मानवबल की मदद से घाटों एवं आसपास के इलाकों की लगातार सफाई कराई जा रही है।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि छठव्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पटना से अंकिता की रिपोर्ट