शहर के चौक-चौराहों,सड़कों और सार्वजनिक स्थलों का बदलेगा स्वरूप,नगर निगम ने तैयार की योजना;पौधों के रखरखाव और संरक्षण पर भी रहेगा जोर
रांची: झारखंड की राजधानी रांची को स्वच्छ, सुंदर और हरित शहर बनाने की दिशा में नगर निगम ने नई पहल की है। शहर के शहरी सौंदर्यीकरण और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए 24 नए स्थानों पर ग्रीन पैच विकसित किए जाएंगे। इस योजना के तहत कुल 2233 मीटर लंबाई में हरित क्षेत्र तैयार किया जाएगा। इससे शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, सड़कों के किनारे और सार्वजनिक स्थलों पर हरियाली बढ़ेगी।
रांची नगर निगम की हॉर्टिकल्चर शाखा ने इस संबंध में योजना तैयार की है। इसका उद्देश्य खाली और अनुपयोगी स्थानों को हरित क्षेत्र में बदलकर शहर को अधिक आकर्षक और पर्यावरण के अनुकूल बनाना है।
शहर के इन 24स्थानों पर विकसित होंगे ग्रीन पैच
नगर निगम की प्रस्तावित योजना में शहर के प्रमुख इलाकों को शामिल किया गया है। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
कांके रोड पर CMPDI से एलपीएन शाहदेव चौक तक छह अलग-अलग स्थान।
मोरहाबादी फुटबॉल स्टेडियम की बाउंड्री वॉल के समीप।
भास्कर कॉम्प्लेक्स और RIMS की बाउंड्री वॉल के पास।
कोकर में लक्ष्मी टावर और रामलखन सिंह यादव कॉलेज के सामने।
प्लाजा चौक में ट्रैफिक बूथ के समीप।
लालपुर में इनकम टैक्स कॉलोनी और BIT एक्सटेंशन की बाउंड्री वॉल के पास।
न्यूक्लियस मॉल से जेल मोड़ तक।
जेल चौक से जेल पार्क की बाउंड्री वॉल के किनारे।
हरमू MTS के समीप।
साउथ ऑफिस पाड़ा में ट्यूलिप गर्ल्स हॉस्टल के सामने।
डोरंडा बाजार और कचहरी चौक।
करमटोली चौक और बांधगाड़ी चौक के समीप।
लोवाडीह में असेंबली ऑफ गॉड चर्च के पास।
खेलगांव के आसपास के क्षेत्र।
2233मीटर क्षेत्र में बढ़ेगी हरियाली
इस योजना के तहत सभी 24 स्थानों पर विकसित होने वाले ग्रीन पैच की कुल लंबाई लगभग 2233 मीटर होगी। इन स्थानों पर व्यवस्थित तरीके से हरित क्षेत्र तैयार किए जाएंगे। नगर निगम का मानना है कि इससे शहर के प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों की सुंदरता बढ़ेगी। साथ ही नागरिकों को स्वच्छ और बेहतर शहरी वातावरण उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।
पहले 19 स्थानों पर भी विकसित किए जा चुके हैं ग्रीन पैच
रांची नगर निगम इससे पहले भी शहर के 19 अलग-अलग स्थानों पर ग्रीन पैच विकसित कर चुका है। अब 24 नए स्थानों को योजना में शामिल किया गया है। इस तरह नगर निगम शहर में उपलब्ध खाली जगहों का बेहतर इस्तेमाल कर हरियाली का दायरा बढ़ाने की दिशा में काम कर रहा है।
पौधारोपण के साथ रखरखाव पर भी रहेगा जोर
नगर निगम की योजना केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है। विकसित किए जाने वाले ग्रीन पैच के नियमित रखरखाव और संरक्षण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। इसके तहत पौधों की नियमित देखभाल, समय-समय पर सिंचाई, साफ-सफाई और हरित क्षेत्रों को व्यवस्थित रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उद्देश्य है कि ये ग्रीन पैच लंबे समय तक सुरक्षित और हरे-भरे बने रहें।
नगर निगम ने आम लोगों से की सहयोग की अपील
रांची नगर निगम ने शहरवासियों से ग्रीन पैच और सार्वजनिक हरित क्षेत्रों के संरक्षण में सहयोग करने की अपील की है। निगम के अनुसार, नागरिक इन स्थानों पर कचरा न फेंकें, पौधों को नुकसान न पहुंचाएं और हरित क्षेत्रों में अतिक्रमण से बचें।
नगर निगम का कहना है कि रांची को स्वच्छ, सुंदर और हरित शहर बनाने की जिम्मेदारी केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी है। जनभागीदारी से ही शहर में हरियाली और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को स्थायी बनाया जा सकता है।
रांची से राजेश पाठक की रिपोर्ट

