501चेंजिंग रूम,1508अतिरिक्त लाइट और 88जनरेटर की व्यवस्था,सुरक्षा के लिए 260से अधिक चेतावनी बैनर लगाए गए
रांची: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर रांची नगर निगम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को देखते हुए शहर के 72 पारंपरिक छठ घाटों के साथ 63 कृत्रिम घाट भी तैयार किए जा रहे हैं। निगम की टीमें दिन-रात सफाई, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देने में जुटी हैं।
1200 से अधिक सफाई मित्र तैनात
शहर के 72 छठ घाटों और संपर्क मार्गों की सफाई के लिए 1200 से अधिक सफाई मित्रों को लगाया गया है। मुख्यमंत्री श्रमिक योजना के तहत 200 अतिरिक्त श्रमिक भी तैनात किए गए हैं। घाटों की सफाई, कचरा उठाव, घास कटिंग और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जा रहा है।
501 चेंजिंग रूम और विशेष सुरक्षा व्यवस्था
छठव्रतियों की सुविधा के लिए प्रमुख घाटों पर 501 अस्थायी चेंजिंग रूम बनाए जा रहे हैं। वहीं, जलाशयों में अधिक जलस्तर को देखते हुए सभी 72 घाटों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। गहरे पानी को लेकर 260 से अधिक चेतावनी बैनर भी लगाए गए हैं।
83 स्थानों पर लगेंगी 1508 अतिरिक्त लाइट
अर्घ्य के दौरान पर्याप्त रोशनी के लिए शहर के 83 स्थानों पर 1508 अतिरिक्त लाइट लगाई जा रही हैं। बिजली बाधित होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था के लिए 88 जनरेटर भी लगाए जाएंगे। नगर निगम ने श्रद्धालुओं से घाटों की स्वच्छता बनाए रखने, पूजा सामग्री निर्धारित स्थानों पर रखने और सुरक्षा बैरिकेडिंग का पालन करने की अपील की है। निगम का उद्देश्य छठ महापर्व को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।
रांची से राजेश पाठक की रिपोर्ट

