पटना:ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा), पटना विश्वविद्यालय की कार्यकारिणी परिषद की बैठक शनिवार को28–30नवंबर2026को नागपुर में होने वाले आइसा के11वें राष्ट्रीय सम्मेलन की तैयारियों को लेकर आयोजित की गई. बैठक में सम्मेलन की तैयारियों को मजबूती से आगे बढ़ाने, संगठन की भागीदारी सुनिश्चित करने और छात्र-युवा आंदोलन को व्यापक बनाने को लेकर चर्चा हुई.
बैठक में आइसा बिहार के राज्य अध्यक्ष कॉमरेड धनंजय और राज्य सचिव कॉमरेड दीपंकर उपस्थित रहे. इसके अलावा आइसा पटना विश्वविद्यालय के सचिव सबा आफ़रीन, उपाध्यक्ष आशीष, पटना कॉलेज इकाई की अध्यक्ष अदिति और सचिव आदर्श, दरभंगा हाउस इकाई के अध्यक्ष आज़ाद और सचिव दीपू तथा पटना विश्वविद्यालय कार्यकारिणी परिषद के सदस्य मोनू और विवेक आनंद सुंदर ने हिस्सा लिया.
बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि आइसा का राष्ट्रीय सम्मेलन ऐसे समय में हो रहा है, जब देश के छात्र-युवा शिक्षा के निजीकरण, बढ़ती बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं और लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमलों के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं. ऐसे दौर में संगठन को मजबूत करना और छात्रों के सवालों को लोकतंत्र, समानता तथा सामाजिक न्याय की व्यापक लड़ाई से जोड़ना बेहद जरूरी है.
आइसा पटना विश्वविद्यालय के साथियों ने सम्मेलन की तैयारी में पूरी मजबूती से जुटने और विश्वविद्यालय तथा कॉलेज परिसरों में संगठन की सक्रियता बढ़ाने का संकल्प लिया. बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि आइसा केवल शैक्षणिक समस्याओं तक सीमित नहीं, बल्कि शिक्षा के अधिकार, सम्मानजनक रोजगार, सामाजिक बराबरी और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए भी संघर्षरत रहेगा.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट-
