आरोपियों के पास से पिस्टल,जिंदा कारतूस,खोखा,दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल बरामद,पेन ड्राइव में मिला फायरिंग का वीडियो

हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र अंतर्गत पगार गांव में हुई गोलीबारी की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है।22अक्टूबर की रात हुई इस घटना में पुलिस ने दो घायल आरोपियों समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक पिस्टल,दो जिंदा कारतूस,दो खोखा,दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा एक पेन ड्राइव भी मिली है,जिसमें फायरिंग का वीडियो मौजूद है।

दो युवकों को गोली मारकर किया गया था घायल

पुलिस के अनुसार, 22अक्टूबर की रात पगार गांव के पास दो युवकों को गोली मारकर घायल किए जाने की सूचना मिली थी। दोनों घायलों को इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल,हजारीबाग में भर्ती कराया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए बड़कागांव के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से पूछताछ की और मामले की जांच शुरू की।

रंगदारी के लिए फायरिंग की आशंका

पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के समय दोनों घायल युवक मोटरसाइकिल पर सवार थे। इसी दौरान दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों ने उन पर गोली चला दी,जिससे दोनों युवक घायल हो गए।

पुलिस के मुताबिक,पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर घटना में शामिल आरोपियों की पहचान की गई। जांच में यह बात सामने आई कि आरोपी पगार गांव के एक टांड़ पर बैठकर पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान कथित तौर पर रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से फायरिंग की गई।

पुलिस के अनुसार,घटना में घायल सफाल महतो ने अपने साथी के साथ मिलकर फायरिंग करने वाले आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपियों ने उन पर गोली चला दी,जिससे दोनों घायल हो गए।

गिरफ्तार आरोपियों में दो घायल युवक भी शामिल

पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:

  • साविन कुमार महतो (22वर्ष)
  • अनोज कुमार महतो (22वर्ष)
  • शिवलाल कुमार महतो (21वर्ष)
  • सफाल महतो (20वर्ष)
  • रमेश कुमार महतो (22वर्ष)

पुलिस के अनुसार,सभी आरोपी केरेडारी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। गिरफ्तार आरोपियों में घटना में घायल हुए दोनों युवकों में से सफाल महतो भी शामिल है।

हथियार और अन्य सामान बरामद,जांच जारी

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार और अन्य सामान बरामद किए हैं। इस संबंध में केरेडारी थाना कांड संख्या122/26के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस का कहना है कि मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के सामने आने की संभावना है।

हजारीबाग से पप्पू ठाकुर की रिपोर्ट