पटना/नई दिल्लीः भारत के पूर्व उप प्रधानमंत्री और भारत रत्न लालकृष्ण आडवाणी के जन्मदिन पर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आडवाणी जी के आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की और जन्मदिन की हार्दिक बधाई दी। वहीं, पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने भी उनके लंबे राजनीतिक जीवन, योगदान और व्यक्तित्व की सराहना करते हुए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
नितिन नवीन ने अपने संदेश में कहा कि विभाजन की विभीषिका से लेकर राष्ट्र निर्माण तक आडवाणी जी का सार्वजनिक जीवन राष्ट्र प्रथम की भावना और उसके प्रति अटूट समर्पण का उदाहरण रहा है। उन्होंने ‘नेशन फर्स्ट, पार्टी नेक्स्ट, सेल्फ लास्ट’ के जीवन-दर्शन को भाजपा की संगठनात्मक संस्कृति और कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने प्रभु श्रीराम से आडवाणी जी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।
वहीं, डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने अपने संदेश में आडवाणी जी के साथ दशकों पुराने संबंधों को याद किया। उन्होंने बताया कि उनका संपर्क वर्ष 1956 से लगातार बना हुआ है और उन्होंने आडवाणी जी के साथ वर्षों तक काम करते हुए उनसे बहुत कुछ सीखा है।
जोशी ने कहा कि आडवाणी जी ने जनसंघ की स्थापना से लेकर भारतीय जनता पार्टी को देश के शीर्ष राजनीतिक दल के रूप में स्थापित करने और केंद्र में सरकार बनाने तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी और आडवाणी के नेतृत्व को सदैव प्रेरणादायक बताया।
डॉ. जोशी ने आडवाणी जी को राजनीतिक शुचिता और सिद्धांतों का प्रतीक बताते हुए कहा कि मौजूदा दौर में देश की राजनीति को उनके मार्गदर्शन की विशेष आवश्यकता है। दोनों नेताओं ने उनके स्वस्थ और दीर्घ जीवन की कामना की।
संजय कुमार की रिपोर्ट

