अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह ने पहली बार बताई अपनी शैक्षणिक योग्यता, मास्टर्स डिग्रीधारी और आत्मनिर्भर हैं; अमेरिका में नौकरी करते हैं होने वाले दामाद ऋषिकेश

पटना:मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों बिहार में चर्चा का विषय बनी हुई है। 25 नवंबर को होने वाली इस शादी को यादगार बनाने के लिए अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां में बड़े स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। इस बीच शिवांगी ने पहली बार अपनी पढ़ाई और आत्मनिर्भरता को लेकर खुलकर बात की है।

सोशल मीडिया पर अपनी शिक्षा और निजी जिंदगी को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए शिवांगी सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक पत्रकार की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि उन्होंने मास्टर्स की पढ़ाई की है और वह आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हैं। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें अपनी शिक्षा और निजी फैसलों को लेकर किसी के सामने सफाई देने की जरूरत नहीं है। उनका यह जवाब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

कौन हैं होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार?

शिवांगी सिंह के होने वाले पति ऋषिकेश कुमार पटना जिले के बिहटा के रहने वाले हैं। फिलहाल उनका परिवार पटना के रामकृष्णानगर इलाके में रहता है। रिपोर्ट के मुताबिक, ऋषिकेश के पिता सीआरपीएफ में कमांडेंट हैं। ऋषिकेश ने अमेरिका के अटलांटा स्थित जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन यानी एमबीए की डिग्री हासिल की है। बताया जाता है कि वह पिछले 11 वर्षों से अमेरिका में रहकर नौकरी कर रहे हैं।

10 बीघा में तैयार हो रहा शादी का पंडाल

अनंत सिंह की बेटी की शादी के लिए नदवां गांव में करीब 10 बीघा जमीन पर भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है। मेहमानों के लिए 150 तरह के व्यंजन परोसे जाने की चर्चा है। शादी में बॉलीवुड की कई हस्तियों और राजनीतिक क्षेत्र के दिग्गजों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

इस शादी को लेकर लोगों में आयोजन की भव्यता के साथ-साथ शिवांगी की शिक्षा और ऋषिकेश की पृष्ठभूमि को लेकर भी खास उत्सुकता है।

संजय कुमार की रिपोर्ट