रांची में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला नामकुम थाना क्षेत्र के लोहडीह का है, जहां फल खरीद रही एक महिला को अपराधियों ने अपना निशाना बनाया। बाइक सवार दो अज्ञात अपराधी महिला के गले से चेन छीनकर फरार हो गए। छिनतई की यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। दरअसल, नामकुम थाना क्षेत्र के लोहडीह में महिला बाजार में फल खरीद रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और मौका मिलते ही महिला के गले से चेन छीन ली।

वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी तेजी से मौके से फरार हो गए। चेन छिनतई की यह घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने की बात सामने आ रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।फिलहाल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।