घर में सो रहे थे70वर्षीय सूरज बेसरा और65वर्षीय सांझली हंसदा,घटनास्थल से चाकू बरामद;हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
जमुई: बिहार के जमुई जिले में बेखौफ अपराधियों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र के ठाढ़ी पंचायत अंतर्गत लकड़ा गांव में अज्ञात अपराधियों ने घर में सो रहे बुजुर्ग दंपति की गला रेतकर हत्या कर दी। मृतकों की पहचान70 वर्षीय सूरज बेसरा और उनकी65 वर्षीय पत्नी सांझली हंसदा के रूप में हुई है। एक ही घर में दोहरे हत्याकांड की खबर फैलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घटना के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।
घर के अंदर मिले बुजुर्ग दंपति के शव
जानकारी के अनुसार, देर रात अज्ञात अपराधियों ने बुजुर्ग दंपति को निशाना बनाया। दोनों की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात की जानकारी मिलने के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
एसडीपीओ समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ राजेश कुमार, चंद्रमंडीह थाना प्रभारी गजेंद्र कुमार और बटिया थानाध्यक्ष सुजाता प्रसाद पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घर के अंदर मिले दोनों शवों की जांच की। इसके बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी।
घटनास्थल से चाकू और कपड़ा बरामद
पुलिस को घटनास्थल से एक कपड़ा और हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच में वारदात के बाद खून और चाकू को साफ कर साक्ष्य मिटाने की कोशिश किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और वारदात से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच में जुटी है।
हत्या की वजह अब तक स्पष्ट नहीं
एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा बुजुर्ग दंपति की गला रेतकर हत्या की गई है। घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद हुआ है। प्रथम दृष्टया घटना देर रात की प्रतीत होती है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।पुलिस साक्ष्य जुटाकर मामले का उद्भेदन करने में लगी है। इस दोहरे हत्याकांड के बाद लकड़ा गांव के लोग दहशत में हैं। अब ग्रामीणों को पुलिस जांच के जरिए हत्यारों की पहचान और गिरफ्तारी का इंतजार है।
जमुई से सदानंद कुमार की रिपोर्ट

