बार-बार रास्ते में खराब हो रही थी नेता प्रतिपक्ष की बुलेटप्रूफ गाड़ी,पूर्व मुख्यमंत्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल। सात दिनों में कार्रवाई का लिखित ब्योरा देने की मांग।
रांची: झारखंड की राजनीति में एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने बार-बार रास्ते में खराब हो रही अपनी 13 वर्ष पुरानी बुलेटप्रूफ गाड़ी राज्य सरकार को ससम्मान वापस लौटा दी है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर पूरे मामले पर जवाब मांगा है। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्रियों की सुरक्षा व्यवस्था में कथित लापरवाही को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग की है।
13साल पुरानी बुलेटप्रूफ गाड़ी से सुरक्षा पर उठाए सवाल
बाबूलाल मरांडी ने अपने पत्र में कहा है कि उनकी बुलेटप्रूफ गाड़ी बार-बार रास्ते में खराब हो रही थी। इस समस्या को लेकर उन्होंने 21 मार्च 2026 को भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अवगत कराया था, लेकिन इसके बावजूद सरकार की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किसके आदेश पर वाहन बदलने की प्रक्रिया रोकी जा रही है और अधिकारी किसके नाम पर इस मामले में निर्णय टाल रहे हैं?
सुरक्षा में तैनात जवानों की जिप्सियों की हालत भी खराब
नेता प्रतिपक्ष ने केवल अपनी गाड़ी ही नहीं, बल्कि सुरक्षा में तैनात जवानों के वाहनों की स्थिति पर भी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि जवानों के इस्तेमाल में आने वाली जर्जर जिप्सियों की हालत भी चिंताजनक है। मरांडी के मुताबिक, इस संबंध में डीजीपी, आईजी प्रोविजन और गृह सचिव को कई बार शिकायत दी गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
अर्जुन मुंडा के काफिले की दुर्घटना का भी किया जिक्र
बाबूलाल मरांडी ने अपने पत्र में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के सुरक्षा वाहनों की बदहाली का भी उल्लेख किया है। उन्होंने 6 नवंबर को अर्जुन मुंडा के काफिले में हुई दुर्घटना का हवाला देते हुए पूर्व मुख्यमंत्रियों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जरूरत बताई। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के लिए नए और बेहतर वाहन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जबकि पूर्व मुख्यमंत्रियों को पुराने और जर्जर वाहनों के सहारे रहना पड़ रहा है।
सात दिनों में कार्रवाई का लिखित ब्योरा देने की मांग
बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग की है कि सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों के सुरक्षा वाहनों की समान मानदंडों पर समीक्षा की जाए और उन्हें तत्काल सुरक्षित वाहन उपलब्ध कराए जाएं। इसके अलावा उन्होंने सात दिनों के भीतर अब तक मिली शिकायतों पर की गई कार्रवाई का लिखित ब्योरा भी मांगा है।
मरांडी का मुख्यमंत्री से सीधा सवाल
अपने पत्र में बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सवाल किया कि जब एक दिन वे भी पूर्व मुख्यमंत्री होंगे और उन्हें भी इसी तरह की स्थिति का सामना करना पड़ेगा, तब वे सरकार से किस तरह की जवाबदेही की उम्मीद करेंगे?
फिलहाल बुलेटप्रूफ वाहन लौटाने और पूर्व मुख्यमंत्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बाबूलाल मरांडी के इस कदम ने झारखंड की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। अब देखना होगा कि राज्य सरकार इस मामले पर क्या रुख अपनाती है।
रांची से राजीव मोहन की रिपोर्ट

