दीपावली का पावन पर्व, चारों तरफ रोशनी और खुशियों का माहौल... लेकिन झारखंड के गढ़वा जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जहाँ खुशियों के इस त्योहार पर एक गरीब परिवार का आशियाना पलभर में राख हो गया और दीपावली की चमक मातम में बदल गई।मामला डंडई प्रखंड के तसरार पंचायत अंतर्गत महुदंड गांव का है। दीपावली की रात जब पूरा गांव दीयों की रोशनी से जगमगा रहा था, तब इसी गांव के एक गरीब परिवार के घर में जलते हुए दीपक से निकली एक छोटी सी चिंगारी ने सब कुछ तबाह कर दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे घर को अपनी आगोश में ले लिया।परिवार की चीख-पुकार सुनकर जब तक ग्रामीण मदद के लिए दौड़े और आग पर काबू पाने की कोशिश की, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन और वर्षों की मेहनत से जोड़ी गई गृहस्थी का सारा सामान जलकर स्वाहा हो गया.
इस भीषण अगलगी के बाद अब इस बेसहारा परिवार के सामने सिर छिपाने की छत और दो वक्त की रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। सब कुछ लुट जाने के बाद सोमवार की सुबह पीड़ित परिवार ने रोते हुए स्थानीय प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।वहीं, घटना के बाद से ग्रामीणों में भी खासा आक्रोश और संवेदना है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि जल्द से जल्द घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया जाए, ताकि इस गरीब परिवार को तत्काल राहत सामग्री और उचित मुआवजा मिल सके, जिससे इस मुश्किल वक्त में उनका सहारा बन सके।
